चौपारण में पुलिस और अफीम तस्करों के बीच मुठभेड़, एक घायल; तीन गिरफ्तार, 10 किलो से अधिक अफीम बरामद
जंगल की ओर भागे तस्कर ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पेट में लगी गोली; रिम्स रेफर
चौपारण/हजारीबाग। चौपारण थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम अफीम तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान एक आरोपी जंगल की ओर भागने लगा और पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पेट के बाएं हिस्से में गोली लगी। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची भेजा गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हथियाबाबा मंदिर के पास पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र में कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद चौपारण थाना पुलिस ने संभावित ठिकानों पर निगरानी शुरू की।

इसी दौरान हथियाबाबा मंदिर के आसपास पुलिस टीम ने एक फ्रोनिक्स ब्लू रंग की कार और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ तीन संदिग्धों को देखा। पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया, जबकि तीसरा आरोपी जंगल की तरफ भागने लगा।
भागते हुए पुलिस पर चलाई गोली
पुलिस के मुताबिक, जंगल की ओर भाग रहे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए पुलिस जवानों ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इस दौरान आरोपी के पेट के बाएं हिस्से में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
घायल आरोपी की पहचान अजय कुमार सिंह, पिता मुनेश सिंह, निवासी चांपी, थाना बाराचट्टी, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया।

बिहार और झारखंड से जुड़े तस्करी नेटवर्क का खुलासा
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार सिंह, आकाश हर्ष राज उर्फ ऋतिक कुमार और सोनू कुमार शामिल हैं।
आकाश हर्ष राज उर्फ ऋतिक कुमार चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है, जबकि अजय कुमार सिंह और सोनू कुमार बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
10 किलो 100 ग्राम से अधिक अफीम बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 किलो 100 ग्राम अफीम एवं अफीम कट बरामद किया है। इसके अलावा एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोलियां और एक खोखा भी बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कार, बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अफीम तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसके अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है।

















