नगर भवन में 8 सितंबर को गूंजेगी कृष्ण भक्ति की धुन, इस्कॉन सिमडेगा मनाएगा भव्य नंदोत्सव

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की खुशियों को भक्ति और उल्लास के साथ मनाने के लिए इस्कॉन सिमडेगा की ओर से 8 सितंबर को नगर भवन में भव्य नंदोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में होने वाले इस आयोजन को लेकर जिलेवासियों में उत्साह है।
नंदोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम, महाभिषेकम, विशेष कृष्ण कथा, दर्शन-आरती और महाप्रसादम सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनकी भक्ति से जुड़े कार्यक्रमों के बीच नगर भवन का वातावरण भक्तिमय होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त कंचन सिंह शामिल होंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में एसपी श्रीकांत एस. खोटरे और डीडीसी दीपांकर चौधरी सहित जिले के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

नंदोत्सव को लेकर इस्कॉन के प्रतिनिधियों के साथ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मोती अग्रवाल, समाज के बुद्धिजीवी और अन्य सहयोगी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

गौरतलब है कि इस्कॉन की ओर से सिमडेगा में आयोजित नंदोत्सव का जिलेवासियों को हर वर्ष बेसब्री से इंतजार रहता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होकर भजन, संकीर्तन और आरती के माध्यम से कृष्ण भक्ति में लीन होते हैं। आयोजकों को इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
















