जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 91 बच्चों की हुई सर्जरी, 98 बच्चे भेजे गए कोच्चि

कोच्चि: झारखंड के जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के निःशुल्क इलाज की दिशा में स्वास्थ्य विभाग की पहल के तहत अब तक 98 बच्चों को कोच्चि स्थित अमृता हॉस्पिटल भेजा गया है, जिनमें से 91 बच्चों की सफल सर्जरी की जा चुकी है। शनिवार को अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने “लिटिल हार्ट चैंपियंस” और उनके अभिभावकों को संबोधित किया।
अभियान निदेशक ने जन्मजात हृदय रोग से प्रभावित बच्चों की पहचान, स्वास्थ्य जांच और उपचार में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के चिकित्सकों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से अपील की कि अपने-अपने क्षेत्र में सांसद, विधायक और मुखिया से संपर्क कर कम से कम पांच-पांच ऐसे बच्चों को इलाज के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी बच्चा हृदय रोग के उपचार से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता तभी मानी जाएगी, जब झारखंड में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित सभी जरूरतमंद बच्चों का इलाज सुनिश्चित हो जाए। उन्होंने अमृता हॉस्पिटल प्रबंधन से आग्रह किया कि झारखंड में भी ऐसी व्यवस्था विकसित करने में सहयोग करें, जिससे भविष्य में राज्य में ही ऐसे बच्चों का उपचार संभव हो सके। शशि प्रकाश झा ने बच्चों की पहचान, स्क्रीनिंग और उपचार के समन्वय में एनएचएम के राज्य समन्वयक मुकेश कुमार तथा अमृता हॉस्पिटल के जनसंपर्क अधिकारी आदित्य कुमार के योगदान की भी सराहना की।
उन्होंने बच्चों की निःशुल्क हृदय सर्जरी के साथ-साथ उनके और उनके परिजनों के लिए रहने व भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराने पर अमृता हॉस्पिटल और अमृता फाउंडेशन के प्रति आभार जताया। साथ ही रोटरी कोच्चि के सहयोग की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से जरूरतमंद बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल रहा है और उन्हें नया जीवन मिल रहा है।

कार्यक्रम में अमृता हॉस्पिटल की ओर से सभी बच्चों के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। बच्चों के इलाज में डॉ. बृजेश, डॉ. कृष्ण कुमार और उनकी टीम के महत्वपूर्ण योगदान की भी सराहना की गई। कार्यक्रम में अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा के साथ एनएचएम के राज्य समन्वयक मुकेश कुमार भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिशा-निर्देश और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की देखरेख में राज्य में जरूरतमंद बच्चों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग अजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का क्रियान्वयन किया जा रहा है। रांची के हटिया स्टेशन से बच्चों को निःशुल्क हृदय ऑपरेशन और उपचार के लिए कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल भेजा गया था।
















