नंद उत्सव में गूंजा हरे कृष्णा-हरे राम, 108 द्रव्यों से हुआ श्रीकृष्ण का अभिषेक

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राउरकेला: इस्कॉन के तत्वावधान में त्रिशक्ति धाम, राउरकेला में आयोजित नंद उत्सव भक्तिमय माहौल में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान हरे कृष्णा-हरे राम के संकीर्तन से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भगवान श्रीकृष्ण का 108 द्रव्य पदार्थों से विधिवत अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान का भव्य श्रृंगार कर 56 भोग अर्पित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरसी दास ने इस्कॉन के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्ण कॉन्शसनेस (इस्कॉन) की स्थापना वर्ष 1966 में श्रील ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद ने अमेरिका के न्यूयॉर्क में की थी। संस्था का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, भगवद्गीता के संदेश और वैदिक जीवन-पद्धति का प्रचार-प्रसार करना है।

उन्होंने बताया कि इस्कॉन की ओर से हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन, भजन-कीर्तन, भगवद्गीता एवं श्रीमद्भागवत का अध्ययन सहित विभिन्न आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। संस्था अन्नदान, आध्यात्मिक शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में भी कार्य करती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद का जन्मोत्सव भी मनाया जाता है।

नंद उत्सव के दौरान श्रीराम और श्रीकृष्ण के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। भगवान श्रीकृष्ण और श्रील प्रभुपाद से जुड़ी विभिन्न आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में माधव दास, कन्हाई, किंकर दास, माधव केशव, रमेश चैतन्य दास, श्री गुरु किंकर दास सहित अन्य श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।















