सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी वायरल होने पर देवेंद्र नाथ महतो नाराज, बोले- विरोधी जनाधार से घबराए

झारखंड में जारी राजनीतिक गतिविधियों के बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) से जुड़ी कथित भ्रामक सूचनाओं के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने का मामला सामने आया है। संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट की प्रोफाइल को एडिट कर पदनाम और अन्य विवरणों को गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है।

भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में देवेंद्र नाथ महतो ने वायरल हो रही जानकारी को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि वे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सिपाही हैं और केंद्रीय अध्यक्ष टाईगर जयराम महतो से लगातार बातचीत हो रही है। उनके दिशा-निर्देश पर ही पूरे राज्य में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा चल रही है।

देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया कि मोर्चा के बढ़ते जनाधार से विरोधी घबराए हुए हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता मजबूत है और किसी भी तरह के दुष्प्रचार से यह एकता प्रभावित नहीं होगी।

















