सरायकेला : तेज रफ्तार बाइक ने 14 वर्षीय अमन को रौंदा, मौके पर मौत; हादसे के बाद मुख्य सड़क जाम
सरायकेला। राजबांध हनुमान मंदिर के समीप मुख्य सड़क पर शनिवार को तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर अमन अंसारी की मौत हो गयी। हादसा इतना भीषण था कि अमन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कमालपुर गांव निवासी अमन अंसारी अपने बड़े भाई परवेज से मिलने राजबांध स्थित उनकी वेल्डिंग दुकान पर आया था। इसी दौरान वह मुख्य सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही मैक्सिमो यात्री गाड़ी से भी जा टकरायी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से निकलने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने बाइक सवार की पिटाई भी कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार को स्थानीय लोगों के कब्जे से लेकर हिरासत में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग
अमन की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गये। आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और जाम हटाकर यातायात सामान्य कराने की कोशिश की। हादसे की वास्तविक वजह क्या थी और बाइक की रफ्तार कितनी थी, इसका स्पष्ट पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।
14 वर्षीय अमन की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


















