रांची : जसलोक अस्पताल के संचालक से मांगी पांच करोड़ की रंगदारी, परिवार समेत हत्या की धमकी
रांची। बजरा स्थित जसलोक अस्पताल के संचालक डॉ. जितेंद्र सिन्हा से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर परिवार समेत हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वालों ने व्हाट्सऐप कॉल और ऑडियो संदेश के जरिए रकम की मांग की। साथ ही अस्पताल बंद कर रांची छोड़ने की चेतावनी भी दी गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस मामले में डॉ. जितेंद्र सिन्हा की शिकायत पर सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पंडरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉ. सिन्हा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि शुक्रवार दोपहर करीब 2:39 बजे उनके मोबाइल नंबर पर लगातार दो व्हाट्सऐप कॉल आए। कॉल रिसीव नहीं करने के बाद उन्हें लगातार कॉल और धमकी भरे संदेश भेजे गए। इसके बाद ऑडियो संदेश के माध्यम से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।

शिकायत के अनुसार, धमकी देने वालों ने कहा कि यदि मांगी गई रकम नहीं दी गई तो डॉ. सिन्हा और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी जाएगी। उन्हें अस्पताल बंद करने और रांची छोड़ने की भी चेतावनी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति अथवा गिरोह की पहचान में जुटी है। पुलिस व्हाट्सऐप कॉल, मोबाइल नंबर और भेजे गए ऑडियो संदेश समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रंगदारी मांगने के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। धमकी देने वालों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।


















