Ranchi: Arjun Singh takes charge of BJP Kisan Morcha.

रांची : अर्जुन सिंह ने संभाली भाजपा किसान मोर्चा की कमान, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

रांची। भाजपा किसान मोर्चा को झारखंड में नई सक्रियता देने की जिम्मेदारी अब अर्जुन सिंह के कंधों पर होगी। सोमवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पदभार संभालने के बाद अर्जुन सिंह ने कहा कि किसान मोर्चा की गतिविधियों को केवल प्रदेश और जिला स्तर तक सीमित नहीं रखा जाएगा। संगठन की पहुंच गांवों और बूथ स्तर तक बढ़ाई जाएगी। किसानों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए उनके अधिकारों और समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने की बात उन्होंने कही।

उन्होंने कहा कि किसान किसी जाति या वर्ग की सीमा में नहीं बंधता। खेती और किसानों से देश का हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में जुड़ा हुआ है। इसलिए किसान मोर्चा का दायरा व्यापक रखते हुए अधिक से अधिक किसानों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

‘किसान मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा’

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा कि देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में किसानों की भूमिका केंद्रीय है। किसान की स्थिति मजबूत होने पर ही आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और किसान हित से जुड़े मुद्दों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की अपील की।

उन्होंने कृषि में बेहतर उत्पादन के लिए आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान की जरूरत पर भी जोर दिया। उनके अनुसार किसानों तक नई तकनीक और उन्नत खेती के तरीकों की पहुंच बढ़ाना जरूरी है।

RKDF
advertisement

सरकार पर किसान हितों की अनदेखी का आरोप

भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने राज्य सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र का देश की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान है। ऐसे में किसानों से जुड़े सवालों को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर मजबूती से उठाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ अर्जुन सिंह के नेतृत्व में किसान मोर्चा राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ किसानों की आवाज को और मुखर करेगा।

संगठन के विस्तार को प्राथमिकता

प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि किसान मोर्चा को मजबूत आधार देने का काम पहले से किया गया है। अब अर्जुन सिंह के नेतृत्व में संगठन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसान मोर्चा किसानों के बीच अपनी सक्रियता और बढ़ाएगा।

वहीं, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने अर्जुन सिंह के संगठनात्मक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने जिला और मंडल स्तर पर संगठन के लिए काम किया है। उनके अनुभव का लाभ किसान मोर्चा को मिलेगा।

कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी, किसान मोर्चा के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।