अवैध बालू तस्करी के मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार, दो ट्रैक्टर जब्त

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची अंचल प्रशासन की टीम के साथ कथित दुर्व्यवहार और जब्त ट्रैक्टरों को जबरन छुड़ाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलडेगा निवासी रूबी कोनगाड़ी के रूप में हुई है।

मामले को लेकर अंचलाधिकारी इम्तियाज अहमद के लिखित आवेदन पर सिमडेगा थाना में कांड संख्या 121/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को क्षेत्र भ्रमण के दौरान अंचलाधिकारी ने अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया। कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों ट्रैक्टरों के चालक मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि कुछ देर बाद रूबी कोनगाड़ी, हर्षित डुंगडुंग, राजेश ग्वाला और नोवेल नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचे और दोनों ट्रैक्टरों को जबरन ले जाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर बिजली के पोल से टकराकर फंस गया, जबकि दूसरे ट्रैक्टर को चालक आगे ले जाने लगा। अंचलाधिकारी ने ट्रैक्टर पर सवार होकर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक सलडेगा सरना मंदिर जाने वाले रास्ते में ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी संजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी रूबी कोनगाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से दोनों ट्रैक्टरों को भी जब्त कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 में विद्युत अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज रहा है। वर्तमान मामले में बीएनएस 2023, खान एवं खनिज अधिनियम तथा झारखंड खनिज नियमावली की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
















