चाईबासा : बर्तन फेरी करने वालों के घर लूट और गोलीबारी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल, कारतूस और खोखा बरामद
अश्वनी पाठक | चाईबासा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमेरिता गांव में बर्तन फेरी करने वालों के घर में घुसकर लूटपाट और गोलीबारी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 7.65 एमएम की पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोहरपुर के धानापाली निवासी 25 वर्षीय जशवंत महतो उर्फ छोटू और सुंदरगढ़ जिले के बिसरा थाना क्षेत्र के कोपसिंगा ढुंगरी टोला निवासी 19 वर्षीय अजय गोप उर्फ कालू के रूप में हुई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सायमन टुडी ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 12 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे सिमेरिता गांव में बर्तन फेरी का काम करने वाले सुरोजित दास अपने दो साथियों के साथ खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान हथियार से लैस दो अपराधी उनके घर में घुस आए और पिस्टल का भय दिखाकर करीब 20 से 25 हजार रुपये लूट लिए।

वारदात के बाद दोनों अपराधी भागने लगे। पीड़ितों ने शोर मचाते हुए एक अपराधी को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान अपराधी ने फायरिंग कर दी। गोली सुरोजित दास के पेट को छूते हुए निकल गई।
भागने के दौरान जशवंत महतो गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट लग गई। चोट के कारण वह मौके से भाग नहीं सका। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में जशवंत ने अपने साथी अजय गोप के बारे में पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने वारदात से पहले बर्तन फेरी करने वालों के घर की रेकी की थी। घटना वाले दिन शराब पीने के बाद दोनों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पूछताछ के दौरान जशवंत ने पुलिस को बताया कि भागने के दौरान उसने हथियार अंधेरे में फेंक दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया।
इसके बाद विशेष छापामारी दल ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर अजय गोप को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। लूट की रकम के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने रुपये अंधेरे में ही कहीं फेंक दिए थे।
मामले में मनोहरपुर थाना कांड संख्या 36/2026, दिनांक 13 सितंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, जशवंत महतो के खिलाफ सिमडेगा जिले के जलडेगा थाना में भी एक मामला दर्ज है।

















