सिमडेगा : गौवंशीय मांस बरामदगी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: बांसजोर ओपी क्षेत्र के रेंगारबेड़ा गाढ़ाटोली में गौवंशीय पशु के वध और मांस बिक्री के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय सहाय कुल्लू, पिता प्रदीप कुल्लू उर्फ फिरू, निवासी रेंगारबेड़ा गाढ़ाटोली के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर रेंगारबेड़ा गाढ़ाटोली में छापेमारी की गई थी। इस दौरान करीब 40 किलो संदिग्ध गौवंशीय मांस और मांस काटने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई थी। मौके से जोबा खलखो और सुरेश कुमार टोप्पो को गिरफ्तार किया गया था। दोनों को 29 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

इस मामले में जलडेगा (बांसजोर ओपी) थाना कांड संख्या 51/2026 के तहत झारखंड गौवंशीय हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने सहाय कुल्लू को गिरफ्तार किया। आरोपी को 14 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
















