एमएमडीआर संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन फ्लॉप : दुलाल भुइयां

जमशेदपुर: केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन विधेयक के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से शनिवार को राज्यभर के प्रखंड मुख्यालयों पर आयोजित धरना-प्रदर्शन को भाजपा नेता व पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने पूरी तरह विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि झामुमो ने बड़े स्तर पर आंदोलन का दावा किया था, लेकिन धरना-प्रदर्शन में अपेक्षित जनभागीदारी नजर नहीं आई।

दुलाल भुइयां ने आरोप लगाया कि झामुमो और कांग्रेस एमएमडीआर संशोधन विधेयक को लेकर जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खनिज कानूनों को राजनीतिक मुद्दा बनाने के बजाय राज्य सरकार को यह बताना चाहिए कि झारखंड की खनिज संपदा का इस्तेमाल रोजगार, औद्योगिक विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए किस तरह किया जा रहा है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद खनन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को रोजगार और विकास का अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से बंद पड़ी खदानों, खनन प्रभावित क्षेत्रों और स्थानीय युवाओं के रोजगार को लेकर उठाए गए ठोस कदमों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।

भुइयां ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपनी विफलताओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए केंद्र सरकार के कानूनों के खिलाफ आंदोलन का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि शनिवार के प्रदर्शन में झामुमो को जिस जनसमर्थन की उम्मीद थी, वह दिखाई नहीं दिया।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर झारखंड के खनिज संसाधनों का पारदर्शी तरीके से उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए। इससे राज्य में उद्योग, रोजगार और विकास को गति मिल सकती है।

मगध-अम्रपाली कोल परियोजनाओं में CISF की औपचारिक तैनाती शुरू, चरणबद्ध तरीके से 1,676 जवान होंगे तैनात
चतरा: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के मगध और अम्रपाली कोयला क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा…
हाथियों के उत्पात से परेशान ग्रामीणों ने की बैठक, समाधान पर हुआ मंथन
ठेठईटांगर: प्रखंड के जोराम पंचायत अंतर्गत रायबहार जामडांड़ में शनिवार को हाथियों के लगातार बढ़ते उत्पात को लेकर आसपास के तीन-चार गांवों…
















