हाथियों के बीच ग्रामीणों का हौसला बढ़ाने देर रात पहुंचे विधायक भूषण बाड़ा, टॉर्च व अन्य जरूरी सामग्री बांटी

सिमडेगा: बिरनीबेड़ा और आसपास के इलाकों में 20 से 25 हाथियों के झुंड की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों के आबादी क्षेत्र के करीब पहुंचने की सूचना पर सोमवार देर रात सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ग्रामीणों के बीच पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

विधायक ने थोलकोबेड़ा, बेलगढ़, गिरजा टोली, बराबरपानी और बिरनीबेड़ा का दौरा कर ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद वे ग्रामीणों के साथ मशाल लेकर देर रात तक निगरानी में डटे रहे। ग्रामीणों की मदद से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने का प्रयास किया गया।

ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए विधायक की ओर से टॉर्च, जूट के बोरे, मोबिल और मशाल जलाने के लिए आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों के नजदीक नहीं जाने और उन्हें किसी भी तरह उकसाने से बचने की अपील की।

विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण ग्रामीण भय के माहौल में हैं। ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वन विभाग और पुलिस प्रशासन से समन्वय बनाकर आवश्यक कदम उठाने की बात कही। साथ ही ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देने की अपील की।

मौके पर अख्तर खान, इजाज अहमद, सलमान खान, एजाज खान, शीतल एक्का, तिलका रमन, लखन गुप्ता, मुखिया दुर्गा मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


प्रेम विवाह के कुछ महीनों बाद युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी और परिजनों के आरोप आमने-सामने
जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्मनगर में सोमवार देर रात 23 वर्षीय युवक संजय तांडी ने कथित तौर पर घर में फांसी…

सट्टेबाजी और ड्रग्स के खिलाफ जमशेदपुर में अभियान, हर थाना क्षेत्र में बनेगी निगरानी समिति
जमशेदपुर। जमशेदपुर में सट्टेबाजी, जुआ और ड्रग्स के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने व्यापक अभियान शुरू…
















