350 छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल: गुड़ाबांदा आवासीय विद्यालय में रात को घुसा हाथी, बाउंड्री वॉल और मेन गेट तोड़कर निकला
जमशेदपुर जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड में जंगली हाथियों की आवाजाही अब सरकारी आवासीय विद्यालय तक पहुंच गई है। मंगलवार देर रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच एक हाथी झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय की बाउंड्री वॉल तोड़कर परिसर में घुस गया। उस समय विद्यालय परिसर में करीब 350 छात्राएं रह रही थीं। हाथी के परिसर में घुसने से तेज आवाज और हलचल हुई, जिससे छात्राओं और वार्डन की नींद खुल गई। अचानक परिसर में हाथी को देखकर छात्राओं में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

हॉस्टल की ओर बढ़ा हाथी, किचेन शेड को धक्का मारा
परिसर में प्रवेश करने के बाद हाथी हॉस्टल भवन की ओर बढ़ने लगा। उसे हॉस्टल की तरफ आता देख छात्राएं और विद्यालय कर्मी डर गए। हालांकि, गनीमत रही कि हाथी हॉस्टल भवन तक नहीं पहुंचा। इसी दौरान हाथी ने किचेन शेड को सूंड से धक्का दिया। टीन के शेड से तेज आवाज होने के बाद हाथी वहां से मुड़ गया। इस दौरान उसका शरीर विद्यालय की दीवार से टकराया, जिससे दीवार में कई जगह दरारें पड़ गईं।

मेन गेट तोड़कर निकला हाथी
परिसर से बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने पर हाथी मुख्य द्वार की ओर पहुंचा। उसने जोर लगाकर मेन गेट तोड़ दिया और विद्यालय परिसर से बाहर निकल गया।
हाथी के उत्पात से विद्यालय के किचेन गार्डन, पौधों, पाइपलाइन, सीढ़ियों और कई जगह लगे टाइल्स को नुकसान पहुंचा है। बाउंड्री वॉल और मुख्य गेट क्षतिग्रस्त होने के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

350 छात्राओं की सुरक्षा चिंता का विषय
विद्यालय में करीब 350 छात्राएं आवासीय व्यवस्था के तहत रहती हैं। इसके अलावा वार्डन, शिक्षिकाएं और अन्य कर्मचारी भी परिसर में रहते हैं। रात के समय हाथी के परिसर में घुसने की घटना के बाद छात्राओं में भय का माहौल है। कई छात्राओं के घटना के बाद से सदमे में होने की बात कही जा रही है। विद्यालय की वार्डन ने छात्राओं और कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए बाउंड्री वॉल को तत्काल मजबूत और ऊंचा कराने की जरूरत बताई है। उनका कहना है कि हाथी का इस तरह विद्यालय परिसर में प्रवेश करना गंभीर सुरक्षा चिंता है। यदि हाथी हॉस्टल भवन तक पहुंच जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

अधिकारियों को दी गई घटना की जानकारी
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, घटना की जानकारी बुधवार सुबह जिला की प्रभारी पदाधिकारी बिंदु झा, उपायुक्त कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, क्षेत्रीय मुखिया, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों तथा विधायक प्रतिनिधि को फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से दी गई। विद्यालय प्रबंधन ने क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल और मेन गेट की तत्काल मरम्मत के साथ छात्राओं की सुरक्षा के लिए हाथियों की आवाजाही रोकने के प्रभावी उपाय किए जाने की मांग की है।

डीजल चोरी की कोशिश में युवक पकड़ा, बैग से देसी कट्टा-चापड़ और पाना बरामद
नोवामुंडी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में ट्रक से कथित तौर पर डीजल चोरी करने की कोशिश कर रहे एक…

करम डाली विसर्जन के दौरान भौंरों का हमला, बच्चों समेत दर्जनों ग्रामीण घायल
कोडरमा। सतगावां थाना क्षेत्र की खुट्टा पंचायत के मनोरथडीह गांव में बुधवार सुबह करम डाली विसर्जन के दौरान अचानक भौंरों के झुंड…

















