मालती मुर्मू की निशानदेही पर जमीरा पहाड़ से AK-47 और INSAS समेत 210 गोलियां बरामद


बताया जा रहा है कि कोलकाता STF के साथ झारखंड और छत्तीसगढ़ पुलिस तथा कोबरा जवानों की संयुक्त टीम मालती मुर्मू को लेकर चाकुलिया के बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत क्षेत्र के जोभी गांव के पास पहुंची। इसके बाद टीम जमीरा पहाड़ की ओर गई, जहां मालती से मिली जानकारी के आधार पर जंगल और पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान एक AK-47 और एक INSAS राइफल के अलावा बड़ी संख्या में कारतूस और मैगजीन बरामद किए जाने की बात कही जा रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार AK-47 के साथ 125 और INSAS के साथ 85 गोलियां मिलीं। इस तरह कुल 210 कारतूस बरामद होने की बात सामने आई है।

किशनजी के सुरक्षा दस्ते में रह चुके हैं मंगल-मालती
मालती मुर्मू को प्रतिबंधित नक्सली संगठन से जुड़ी रही महिला कैडर बताया जाता है। झारखंड पुलिस की इनामी नक्सलियों की सूची में मालती पर दो लाख रुपये का इनाम दर्ज रहा है। उसका पति मंगल महतो उर्फ समीर भी लंबे समय तक नक्सली संगठन में सक्रिय रहा है। रिपोर्टों के अनुसार संगठन में रहते हुए मंगल के पास AK-47 और मालती के पास INSAS राइफल रहती थी। दोनों का संबंध माओवादी नेता कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी के सुरक्षा दस्ते से भी रहा था। किशनजी की 2011 में मौत के बाद दोनों के बंगाल स्टेट कमेटी से जुड़े नक्सली नेता असीम मंडल उर्फ आकाश के सुरक्षा दस्ते में शामिल होने की जानकारी सामने आई थी।

जमीरा पहाड़ में हथियार छिपाने की बात
बताया जाता है कि बाद में असीम मंडल के जंगल से बाहर निकलने के बाद मंगल और मालती ने जमीरा पहाड़ क्षेत्र में कुछ हथियार छिपा दिए थे। इसके बाद दोनों संगठन से अलग होकर पश्चिम बंगाल में एक रिश्तेदार के यहां रह रहे थे। असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मंगल और मालती के बारे में जानकारी मिलने की बात कही जा रही है। इसके आधार पर STF ने दोनों की तलाश तेज की थी।

आत्मसमर्पण या गिरफ्तारी पर स्थिति स्पष्ट नहीं
मंगल महतो और मालती मुर्मू को पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर इलाके से पकड़े जाने की खबर सामने आने के बाद दोनों के आत्मसमर्पण की भी चर्चा हुई थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से स्थिति स्पष्ट किए जाने की जरूरत है।जमीरा पहाड़ से हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद होने की सूचना को सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम इलाके में आगे भी तलाशी अभियान चला रही है।

रांची रेलवे स्टेशन पर 12.7 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, ओडिशा से रांची पहुंचा था आरोपी
रांची: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन नारकोस के तहत रांची रेलवे…

JSSC CGL पेपर गड़बड़ी मामले में रांची नगर निगम के फूड इंस्पेक्टर गिरफ्तार, गिरिडीह से CID ने दबोचा
रांची/गिरिडीह। झारखंड में JSSC CGL परीक्षा में कथित पेपर गड़बड़ी मामले की जांच कर रही CID ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की…
















