गोलमुरी केनरा बैंक में दिनदहाड़े डकैती, कर्मचारियों को बंधक बनाकर 42 लाख से अधिक नकदी और सोना लूटा

जमशेदपुर। शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब पांच से छह की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और बैंक के चेस्ट तथा लॉकर से नकदी और स्वर्णाभूषण लूटकर फरार हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अपराधी बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद परिसर में दाखिल हुए। उन्होंने बैंककर्मियों को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बैंक के चेस्ट को खुलवाकर 42 लाख रुपये से अधिक नकदी लूट ली गई। इसके अलावा लॉकर में रखे बड़ी मात्रा में स्वर्णाभूषण भी अपराधी अपने साथ ले गए।

रिपोर्टों के अनुसार वारदात के समय बैंक परिसर में सफाई का काम भी चल रहा था। बैंक के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि बारिश के कारण अपराधी रेनकोट पहनकर बैंक में दाखिल हुए थे, जिससे उनकी पहचान छिपी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अपराधियों के भागने के रास्तों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल लूटे गए सोने की कुल मात्रा और उसकी कीमत का अंतिम आधिकारिक आकलन सामने नहीं आया है। जबकि नकदी की रकम 42 लाख रुपये से अधिक बताई गई है, स्वर्णाभूषण की कीमत का आकलन किया जा रहा है।दिनदहाड़े बैंक में हथियारबंद अपराधियों के घुसने और कर्मचारियों को बंधक बनाकर डकैती की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का निधन
नएच पर हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच; मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने जताया शोक जमशेदपुर। झारखंड के…

रांची में चेन स्नेचिंग पर पुलिस सख्त, हॉटस्पॉट चिन्हित कर होगी विशेष गश्ती
रांची: शहर में बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और पूर्व में हुई वारदातों के त्वरित उद्भेदन को लेकर वरीय…

















