रांची में चेन स्नेचिंग पर पुलिस सख्त, हॉटस्पॉट चिन्हित कर होगी विशेष गश्ती

रांची: शहर में बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और पूर्व में हुई वारदातों के त्वरित उद्भेदन को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली, प्रोबेशनर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक सदर समेत सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में चेन स्नेचिंग की घटनाओं के पैटर्न, अपराधियों के संभावित आवागमन मार्ग, संवेदनशील स्थानों और तकनीकी साक्ष्यों की समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों को हॉटस्पॉट और संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर नियमित पुलिस गश्ती के साथ सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

पूर्व में हुई चेन स्नेचिंग की घटनाओं का केसवार और स्थानवार विश्लेषण कर अपराधियों के संभावित रूट और एग्जिट प्वाइंट चिन्हित करने को कहा गया है। घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज का व्यवस्थित विश्लेषण करने तथा जहां CCTV उपलब्ध नहीं हैं, वहां स्थानीय स्तर पर कैमरे लगाने को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया।

अपराधियों के संभावित मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती और वाहन जांच बढ़ाने के साथ जरूरत के अनुसार विशेष बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। चेन स्नेचिंग के मामलों के त्वरित उद्भेदन के लिए SIT का गठन किया गया है। वहीं, टेक्निकल सेल को CCTV फुटेज, मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के जरिए अपराधियों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस पूर्व में चेन स्नेचिंग या इसी तरह के अपराधों में शामिल रहे अपराधियों की प्रोफाइलिंग और सत्यापन भी कर रही है। जेल से बाहर आए ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के बाजारों, चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और महिलाओं की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रभावी गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। चेन स्नेचिंग की प्रत्येक घटना में तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने, अनुसंधान और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि चेन स्नेचिंग की रोकथाम के लिए फील्ड पुलिसिंग, तकनीकी निगरानी और पूर्व अपराधियों के सत्यापन को एकीकृत करते हुए कार्ययोजना के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही, पूर्व में दर्ज मामलों का शीघ्र उद्भेदन कर संलिप्त अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


11वें आयुर्वेद दिवस पर कार्यक्रम, स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद अपनाने का संदेश
रांची: 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को…

चुनाव आयोग ‘वन-मैन शो’ बन गया है, ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करें : विनोद पांडेय
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आई एक मीडिया…
















