launch-late-peter-bada-memorial-hockey

सिमडेगा में स्व. पीटर बड़ा मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का आगाज, केलाघाघ में इको-रिजॉर्ट बनाने की पहल

Share
Link copied
launch-late-peter-bada-memorial-hockey
launch-late-peter-bada-memorial-hockey

सिमडेगा: हॉकी की नर्सरी के रूप में पहचान रखने वाले सिमडेगा में शुक्रवार को स्व. पीटर बड़ा मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा की टीमें हिस्सा ले रही हैं। 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का उद्घाटन झारखंड सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए सिमडेगा की हॉकी प्रतिभाओं की सराहना की।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत स्व. पीटर बड़ा के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद मंत्री ने हॉकी स्टिक से गेंद को पास देकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सिमडेगा की धरती ने देश को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी दिए हैं। यहां की प्रतिभाओं पर पूरे राज्य को गर्व है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने की अपील करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भारतीय हॉकी टीम के सभी 11 खिलाड़ी सिमडेगा की धरती से निकलें।

Durga puja
Advertisement

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने केलाघाघ डैम के समीप इको-रिजॉर्ट विकसित करने की योजना पर पहल करने की बात कही। उपायुक्त कंचन सिंह के प्रस्ताव पर उन्होंने योजना विभाग में उपलब्ध राशि से दो से चार करोड़ रुपये तक की व्यवस्था करने की दिशा में प्रयास का आश्वासन दिया।

मंत्री ने कहा कि रामरेखा धाम, केलाघाघ, डांगरी जलप्रपात, केतुंगा धाम और भैरव बाबा पहाड़ी जैसे पर्यटन स्थलों का विकास होने से जिले की पहचान और मजबूत होगी। इससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी हॉकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देना है। विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी ने आयोजन को जिले के लिए गौरवपूर्ण पहल बताते हुए प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा, उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, ओलंपियन मनोहर टोपनो, लाजरूस बारला तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी असुंता लकड़ा, कांति बा और बिमल लकड़ा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। पांच दिवसीय प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 20 अक्टूबर को दोपहर दो बजे खेला जाएगा। टूर्नामेंट में भाग ले रही विभिन्न राज्यों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले होने की उम्मीद है। इस आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अंतरराज्यीय स्तर पर अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।