पाकुड़ में राशन दुकान में लूट की कोशिश के मामले में दो और गिरफ्तार, हथियार व बाइक बरामद

पाकुड़: पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के महुलपहाड़ी गांव में राशन दुकान में फायरिंग कर लूट की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक चाकू, घटना में इस्तेमाल किया गया पीठू बैग और बिना नंबर की लाल रंग की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, दो अक्तूबर 2026 को महुलपहाड़ी स्थित राशन दुकान में पांच-छह अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग करते हुए लूट की कोशिश की थी। मामले में पाकुड़िया थाना कांड संख्या 69/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ महेशपुर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) गठित किया गया था। इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि दो आरोपी फरार थे।

पुलिस को 18 अक्तूबर की शाम सूचना मिली कि मामले के दो संदिग्ध गुमा मोड़, डुमरघटी से पाकुड़िया की ओर आने वाले हैं। इसके बाद पातपहाड़ी के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान लाल रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के सतकठिया निवासी एतवारी हेम्ब्रम उर्फ नरेश दा उर्फ टिंपु सोरेन (30) और दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के हरिणसिंगा निवासी लालु कुमार उर्फ लालु राय (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में एतवारी हेम्ब्रम ने महुलपहाड़ी की घटना में शामिल होने और सात अक्तूबर को आंगनगड़िया गांव में पुलिस से बचकर भागने की बात स्वीकार की। वहीं, लालु राय ने कथित तौर पर लूट की योजना में शामिल होने और छह अपराधियों को घटना को अंजाम देने के लिए महुलपहाड़ी भेजने की बात कही। इस मामले में पुलिस ने 19 अक्तूबर को पाकुड़िया थाना कांड संख्या 78/2026 दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, एतवारी हेम्ब्रम के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं से संबंधित 11 मामले दर्ज हैं। वहीं, लालु कुमार उर्फ लालु राय के खिलाफ शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और रंगदारी से संबंधित तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

मुरी के मारदू में नाबालिग की हत्या से सनसनी, दुष्कर्म की आशंका; SIT गठन और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
रांची: रांची जिले के मुरी ओपी क्षेत्र अंतर्गत सिल्ली प्रखंड के मारदू गांव में करीब 17 वर्षीय किशोरी का शव झाड़ियों से…

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रजरप्पा में माता रूपी सोरेन की अस्थियां कीं विसर्जित, नम आंखों से दी विदाई
रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन की अस्थियां रजरप्पा स्थित दामोदर-भैरवी नदी के पवित्र संगम तट…
















