दीपावली की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचीं डीसी कंचन सिंह, खुद बनाया मिट्टी का दीया

सिमडेगा: दीपावली के मद्देनजर उपायुक्त कंचन सिंह ने मंगलवार को सिमडेगा प्रखंड की तामड़ा पंचायत के कुंबाटोली और बंगरू पंचायत के भेड़ीकुदर गांव का दौरा कर कुम्हारों की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मिट्टी के दीये और अन्य उत्पाद तैयार कर रहे माटी हस्तशिल्पकारों से मुलाकात की तथा उनके कामकाज और आजीविका से जुड़ी जानकारी ली। उपायुक्त ने स्वयं मिट्टी का दीया बनाकर कारीगरों का उत्साह भी बढ़ाया।
दौरे के दौरान डीसी ने झारखंड माटीकला बोर्ड की ओर से अनुदानित विद्युत चाक के माध्यम से मिट्टी के उत्पाद तैयार कर रहे कुम्हारों के काम को देखा। उन्होंने जाना कि आधुनिक उपकरणों के इस्तेमाल से कारीगरों को किस तरह सुविधा मिल रही है और उनकी उत्पादन क्षमता तथा आय बढ़ाने की संभावनाएं विकसित हो रही हैं।
उपायुक्त ने कहा कि माटीकला पारंपरिक हुनर के संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण माध्यम है। आधुनिक तकनीक से जुड़कर युवा भी इस कला को अपनाते हुए अपनी आजीविका मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने दीपावली के अवसर पर स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये और अन्य उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इससे पारंपरिक कला एवं संस्कृति को संरक्षण मिलने के साथ कुम्हारों की आमदनी बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन के अनुसार, सिमडेगा जिले में अब तक 160 से अधिक कुम्हारों को अनुदान के माध्यम से विद्युत चाक उपलब्ध कराया जा चुका है। इसका उद्देश्य माटीकला को आधुनिक तकनीक से जोड़ना, उत्पादन क्षमता बढ़ाना और कारीगरों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। विद्युत चाक की मदद से कुम्हार कम समय में अधिक उत्पाद तैयार कर सकते हैं और त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग को पूरा कर सकते हैं। इस मौके पर अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

परिवार नियोजन सामग्री की उपलब्धता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, 15 दिनों में सुधार का निर्देश
रांची: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड ने परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा नहीं करने वाले जिलों और…

झारखंड कैबिनेट के बड़े फैसले: 263 प्रखंडों में लगेंगे 7890 चापाकल, गोड्डा में बनेगा पशु आहार कारखाना
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को झारखंड मंत्रालय में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण…
















