दीपावली-छठ को लेकर सिमडेगा प्रशासन अलर्ट, धनतेरस पर शाम 4 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों पर रोक

सिमडेगा: दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय रहते तैयारियां पूरी करने और पर्व के दौरान सतर्क रहने का निर्देश दिया।
इस वर्ष 8 नवंबर को दीपावली, 15 नवंबर को छठ का संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को सुबह का अर्घ्य दिया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि धनतेरस के अवसर पर 6 नवंबर को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, छठ के संध्या अर्घ्य के दिन 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह के अर्घ्य के दौरान रात 2 बजे से सुबह 9 बजे तक बीरू चेकनाका और टुकुपानी पेट्रोल पंप के पास भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
पटाखों की बिक्री के लिए तय होंगे स्थान
दीपावली पर पटाखों की बिक्री केवल लाइसेंसधारी दुकानदारों को निर्धारित स्थलों पर करने की अनुमति होगी। इसके लिए गांधी मैदान के समीप सिमडेगा क्लब क्षेत्र में सुरक्षित दूरी पर दुकानें लगाने की व्यवस्था की जाएगी। विदेशी पटाखों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पटाखा दुकानों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।।आतिशबाजी के लिए भी समय निर्धारित किया गया है। दीपावली की रात 8 से 10 बजे तक और छठ के दौरान सुबह 6 से 8 बजे तक ही पटाखे चलाने की अनुमति रहेगी। निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

छठ घाटों पर गोताखोर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था
छठ पर्व को देखते हुए शंख नदी सहित जिले के सभी प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। घाटों और पहुंच पथों की सफाई, रोशनी, पेयजल, बिजली, अस्थायी शौचालय और स्नानागार की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नदी और तालाबों में अधिक गहराई वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग कराई जाएगी। तीन फीट से अधिक गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, रस्सी और लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने तथा जरूरत के अनुसार गोताखोरों की तैनाती का निर्देश दिया गया है।
अस्पतालों में अलर्ट रहेंगे डॉक्टर, घाटों पर मेडिकल टीम
दीपावली और छठ के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था रखने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया। मेडिकल टीम, जीवनरक्षक दवाइयों और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के सभी सीएचसी और पीएचसी को क्रियाशील रखने तथा एंबुलेंस को चालक सहित तैयार रखने का निर्देश दिया गया। छठ घाटों पर भी मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात रहेंगे। अग्निशमन विभाग को दीपावली के दिन सभी दमकल वाहनों को सक्रिय रखने और जरूरत के अनुसार छठ घाटों पर भी उनकी तैनाती करने को कहा गया।
सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शहरी क्षेत्र के खराब सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कराने और छठ घाटों पर कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया। छठ पूजा की शोभायात्रा की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। WhatsApp, Facebook या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शांति समिति के सदस्यों से भी भ्रामक सूचनाओं को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की गई।

पूजा समितियों को स्वयंसेवकों की सूची देने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्यों से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने की अपील की। पूजा समितियों के अध्यक्ष और सचिव को आयोजनकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों की सूची मोबाइल नंबर के साथ प्रशासन को उपलब्ध कराने तथा सभी सदस्यों का परिचय पत्र बनवाने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त कंचन सिंह ने जिले के सभी प्रखंडों और थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों और समिति के सदस्यों से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल प्रशासन और पुलिस को देने की अपील की। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, एसडीओ सुमन्त तिर्की, एसडीपीओ धर्मदेव पासवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

उरीमारी में वारदात को अंजाम देने आ रहा राहुल दुबे गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, चार जिंदा गोलियां बरामद
हजारीबाग: उरीमारी क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में पहुंचे राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को…

SIR: झारखंड में नो मैपिंग के 43.35% मामलों का ही निष्पादन, रांची समेत पांच जिले पिछड़े
रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन में जिलों का प्रदर्शन अलग-अलग…

















