SIR: झारखंड में नो मैपिंग के 43.35% मामलों का ही निष्पादन, रांची समेत पांच जिले पिछड़े

रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन में जिलों का प्रदर्शन अलग-अलग है। नो मैपिंग श्रेणी में राज्यभर में अब तक केवल 43.35 प्रतिशत मामलों का ही निष्पादन कर उन्हें ECINET पर अपडेट किया गया है। वहीं लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के 67.28 प्रतिशत और अदर कैटेगरी के 97.91 प्रतिशत मामलों का काम पूरा हो चुका है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को इन तीनों श्रेणियों में जिलावार और विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी साझा की।
4 नवंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम जिले के 56-चक्रधरपुर अनुसूचित जनजाति विधानसभा क्षेत्र ने तीनों श्रेणियों में शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। के. रवि कुमार ने इस उपलब्धि के लिए संबंधित जिला निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ और पूरी निर्वाचन टीम को बधाई दी।
नो मैपिंग में रांची समेत पांच जिले पीछे
राज्य में कुल 14,04,033 नो मैपिंग मामलों में से 6,08,618 का निष्पादन कर ECINET पर अपडेट किया गया है। यह कुल मामलों का 43.35 प्रतिशत है। पश्चिमी सिंहभूम 96.16 प्रतिशत निष्पादन के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद लोहरदगा 80.04, देवघर 75.25, रामगढ़ 63.19 और गुमला 61.01 प्रतिशत के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल हैं। वहीं गिरिडीह में सबसे कम 19.52 प्रतिशत काम हुआ है। साहिबगंज में 21.03, पलामू में 25.25, पाकुड़ में 28.86 और रांची में 29.03 प्रतिशत मामलों का ही निष्पादन हुआ है।

लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी में 67.28 प्रतिशत काम पूरा
इस श्रेणी में राज्य के कुल 45,49,961 मामलों में से 30,61,159 का निष्पादन और ECINET पर अपडेशन किया जा चुका है। राज्य का औसत 67.28 प्रतिशत है। पश्चिमी सिंहभूम 99.72 प्रतिशत के साथ पहले, लोहरदगा 99.08 प्रतिशत के साथ दूसरे और गुमला 92.15 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। रामगढ़ में 86.74 और सिमडेगा में 85.87 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। दूसरी ओर पाकुड़ में 45.88, साहिबगंज में 48.57, पलामू में 49.55, रांची में 52.02 और गढ़वा में 54.63 प्रतिशत मामलों का निष्पादन हुआ है।
अदर कैटेगरी में 97.91 प्रतिशत काम पूरा
अदर कैटेगरी के तहत राज्य में कुल 1,61,65,853 मामलों में से 1,58,27,411 का निष्पादन हो चुका है। इस श्रेणी में राज्य का प्रदर्शन 97.91 प्रतिशत है। लोहरदगा ने 100 प्रतिशत काम पूरा कर पहला स्थान हासिल किया है। पश्चिमी सिंहभूम 99.93, देवघर 99.91, चतरा 99.85 और खूंटी 99.79 प्रतिशत के साथ शीर्ष पांच जिलों में शामिल हैं।

कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों को विशेष कार्ययोजना बनाने का निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों की सराहना की, वहीं अपेक्षाकृत पिछड़ रहे जिलों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को नियमित समीक्षा करने और जरूरत के अनुसार विशेष कार्ययोजना बनाकर सुनवाई एवं निष्पादन का काम जल्द पूरा करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR के तहत सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गंभीरता और आपसी समन्वय के साथ पूरे किए जाएं। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और समावेशी बनाना है। साथ ही प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा किसी अपात्र या विदेशी नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं होने देने को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उरीमारी में वारदात को अंजाम देने आ रहा राहुल दुबे गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, चार जिंदा गोलियां बरामद
हजारीबाग: उरीमारी क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में पहुंचे राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को…

छठ से पहले बागबेड़ा के चार घाटों की बदलेगी सूरत, विधायक संजीव सरदार ने किया निरीक्षण
बीडीओ को साफ-सफाई, खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और संपर्क सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश, बोले- श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता…
















