देवघर में अवैध नेल पॉलिश फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड, चार घंटे तक धधकती रही आग; संचालक फरार
ज्वलनशील केमिकल के भारी भंडारण से विकराल हुई आग, चार दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
देवघर: झारखंड के देवघर में अवैध रूप से संचालित नेल पॉलिश फैक्ट्री में गुरुवार अहले सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नगर थाना क्षेत्र के देव संघ नवदुर्गा मंदिर के पीछे स्थित फैक्ट्री में रखे भारी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

सुबह पांच बजे लगी आग, चार घंटे तक चला अग्निशमन अभियान
जानकारी के अनुसार, घटना अहले सुबह करीब पांच बजे की है। फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल रखे होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब चार घंटे तक लगातार प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।

अवैध संचालन और केमिकल भंडारण पर उठे सवाल
अग्निकांड के बाद फैक्ट्री के अवैध संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में भारी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल का भंडारण किया गया था। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि बिना जरूरी अनुमति और सुरक्षा मानकों के इस तरह की फैक्ट्री कैसे संचालित हो रही थी।
आग लगने के बाद संचालक फरार
घटना के बाद फैक्ट्री संचालक की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना के बाद संचालक अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर मौके से फरार हो गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले में जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि फैक्ट्री का संचालन किन परिस्थितियों में किया जा रहा था और अग्निकांड के लिए कौन जिम्मेदार है।

गम्हरिया दुष्कर्म कांड में नया मोड़: नाबालिग पीड़िता का पति गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत भी केस दर्ज
सरायकेला। गम्हरिया थाना में महिला के साथ कथित दुष्कर्म के चर्चित मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद नया मोड़ सामने आया…

ज्ञानेश कुमार पर 2 करोड़ रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, 20 साल पुराने मामले में फिर जांच शुरू
केरल में PWD सचिव रहते हुए सड़क परियोजना के भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप; गृह मंत्री के निर्देश पर विजिलेंस…


















