एलआईसी बिल्डिंग में भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियों ने चार घंटे में पाया काबू

जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित एलआईसी बिल्डिंग में देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने बिल्डिंग के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें आसपास की इमारतों की ओर बढ़ने लगीं, जिससे आसपास के दुकानदारों और लोगों में भी दहशत फैल गई।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के वक्त बिल्डिंग में गेल इंडिया के दो कर्मचारी रात्रि ड्यूटी पर मौजूद थे। आग लगने के बाद दोनों कर्मचारी अंदर फंस गए थे। सूचना मिलने पर टाटा स्टील के अग्निशमन दल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग से बिल्डिंग में रखा बड़ी मात्रा में सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 45 एसी और 200 से अधिक कंप्यूटर व लैपटॉप समेत अन्य उपकरण और सामग्री आग की चपेट में आ गई। शुरुआती अनुमान में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

एलआईसी बिल्डिंग में आग की तेज लपटें देखकर आसपास के इलाकों में भी अफरा-तफरी मच गई। बैंक ऑफ बड़ौदा, जवाहर मार्केट और अमर मार्केट के दुकानदारों में आग को लेकर चिंता बढ़ गई। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए काफी प्रयास किया।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। घटना के बाद अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारियों की ओर से नुकसान तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

जोरदार धमाके के साथ फटा ट्रांसफार्मर, बाल-बाल बचे लोग, दुर्गा पूजा पंडाल के पास हुआ हादसा
सिमडेगा: शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गुलजार गली में शनिवार को दुर्गा पूजा पंडाल के पास लगा बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक जोरदार…

SIR में नोटिस पाने वालों के घर जाकर दस्तावेज जुटाएंगे BLO, ERO कार्यालय में सुनवाई की जरूरत नहीं
नई दिल्ली: भारत निर्वाचन आयोग ने SIR को लेकर अहम फैसले लिए हैं। आयोग की 26 सितंबर को हुई बैठक में तय…
















