pdj-tastes-prisoners-meal-mandal-kara

मंडल कारा में पीडीजे ने चखकर परखा बंदियों का भोजन, जेल अस्पताल में बीमार बंदियों का जाना हाल

Share
Link copied
pdj-tastes-prisoners-meal-mandal-kara
pdj-tastes-prisoners-meal-mandal-kara

सिमडेगा: मंडल कारा में बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए गुरुवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा और मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निताशा बारला ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों ने जेल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

मंडल कारा में पीडीजे ने चखकर परखा बंदियों का भोजन, जेल अस्पताल में बीमार बंदियों का जाना हाल

निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला जज राजीव कुमार सिन्हा ने बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता स्वयं खाना चखकर परखी। उन्होंने भोजन की व्यवस्था का जायजा लेते हुए यह जानकारी ली कि बंदियों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं।

इसके बाद वे जेल अस्पताल पहुंचे और वहां इलाजरत बीमार बंदियों से मुलाकात की। उन्होंने बंदियों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए पूछा कि उन्हें समय पर इलाज, दवाइयां और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। इस दौरान बीमार बंदियों की समस्याएं भी सुनीं।

मंडल कारा में पीडीजे ने चखकर परखा बंदियों का भोजन, जेल अस्पताल में बीमार बंदियों का जाना हाल

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निताशा बारला ने महिला बैरक का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और जेल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही यह भी जाना कि उन्हें अपने मामलों में कानूनी सहायता मिल रही है या नहीं और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है।

सीजेएम ने महिला बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता और अन्य विधिक सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि आर्थिक या अन्य किसी कारण से कोई भी व्यक्ति कानूनी सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए।

औचक निरीक्षण का उद्देश्य जेल में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और उनके अधिकारों की स्थिति का जायजा लेना था। न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि जेल में बंद व्यक्ति भी संविधान और कानून के तहत अपने अधिकार रखते हैं। उन्हें गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ वातावरण और आवश्यक कानूनी सहायता मिलना सुनिश्चित होना चाहिए। मौके पर जेल अधीक्षक अजय कुमार सहित अन्य जेलकर्मी उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।