impact-cyclone-akvan-bay-bengal-heavy

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अकवन’ का असर, झारखंड में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश के आसार; 11 जिलों में अलर्ट जैसी स्थिति

Share
Link copied

रांची: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ (Akvan) का असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है। मौसम में बदलाव 19 नवंबर से शुरू हो सकता है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी। 20 और 21 नवंबर को झारखंड के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, चक्रवाती सिस्टम बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-मध्य और पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय है। यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। दक्षिणी और मध्य झारखंड में इसका असर अधिक देखने को मिल सकता है।

20 नवंबर को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

अभिषेक आनंद के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 नवंबर से राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 20 नवंबर को बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। दक्षिणी झारखंड और इससे सटे मध्यवर्ती इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। प्रभावित होने वाले प्रमुख जिलों में सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, रांची, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, बोकारो और धनबाद शामिल हैं।

21 नवंबर को संताल परगना और पूर्वोत्तर झारखंड में असर

21 नवंबर को चक्रवात का प्रभाव राज्य के पूर्वोत्तर हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। इस दौरान धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

19 और 20 नवंबर को वज्रपात की भी आशंका

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, बारिश के साथ 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात की गतिविधियां भी हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है। खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।

22 नवंबर से कमजोर होगा बारिश का प्रभाव

पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 नवंबर से राज्य में बारिश का प्रभाव कम होने लगेगा। 23 नवंबर से मौसम में सुधार की संभावना है।

20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ेगा चक्रवात

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 18 नवंबर के राष्ट्रीय चक्रवात बुलेटिन के अनुसार, गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ 20 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम तट के बीच नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट पार कर सकता है। तट पार करते समय हवा की अधिकतम रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने झारखंड में 20 और 21 नवंबर को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई है।

ABOUT THE AUTHOR
रिक्की राज

रिक्की राज

रिपोर्टर

रिक्की राज को पिछले दस वर्षों का मीडिया के क्षेत्र का अनुभव है । इस दौरान पांच वर्षो से इन्होंने डिजिटल मीडिया के लिए इन्होंने कई बड़ी खबरों का कवरेज किया है ।