jharkhand-alert-due-cyclone-aqua-disaster

चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ को लेकर झारखंड अलर्ट, आपदा मंत्री ने की दो घंटे समीक्षा बैठक, DC और सिविल सर्जनों को सख्त निर्देश

Share
Link copied
jharkhand-alert-due-cyclone-aqua-disaster
jharkhand-alert-due-cyclone-aqua-disaster

रांची: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट हो गई है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें संभावित भारी बारिश, किसानों की खड़ी फसल, आम लोगों की सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों (DC), सिविल सर्जनों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया।

बैठक में किसानों की फसल की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। मंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक करीब 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि 75 प्रतिशत फसल अभी खेतों में खड़ी है। ऐसे में चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश होने पर किसानों को नुकसान की आशंका है। उन्होंने निर्देश दिया कि फसल क्षति की स्थिति में पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वे कराया जाए। कृषि विभाग, अंचल प्रशासन और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करें।

20 और 21 नवंबर को बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के प्रभाव से झारखंड के मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 20 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तूफान के दौरान तटीय इलाकों में हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

जलभराव और बिजली बाधित होने की स्थिति से निपटने की तैयारी

मंत्री ने अधिकारियों को जलभराव, निचले इलाकों में पानी जमा होने, कच्चे मकानों को नुकसान, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और ग्रामीण सड़कों के प्रभावित होने जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर राहत एवं बचाव दल तैयार रखने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

अस्पतालों में दवाइयां और एंबुलेंस तैयार रखने का निर्देश

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सभी जिलों के सिविल सर्जनों को अलर्ट रहने को कहा गया है। अस्पतालों में जरूरी दवाइयों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मंत्री ने कहा कि बारिश और जलभराव के बाद डायरिया, बुखार और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग पहले से आवश्यक तैयारी रखे।

लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और मौसम विभाग की चेतावनियों के अनुसार तत्काल कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, कृषि और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। किसी भी आपात स्थिति में अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन समय रहते तैयारी और कार्रवाई से नुकसान को कम किया जा सकता है। सरकार की प्राथमिकता आम लोगों की सुरक्षा और किसानों की फसल को बचाना है। उन्होंने राज्य के लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और आपात स्थिति में प्रशासन को सूचना देने की अपील की।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।