हजारीबाग में पुलिस हिरासत से भागने लगा राहुल दुबे गैंग का तुषार मिश्रा, हत्यारी मोड़ पर पुलिस ने घेरकर दबोचा; एक पुलिस अधिकारी भी घायल
AK इंटरनेशनल होटल गोलीकांड (Firing Case) का आरोपी है तुषार मिश्रा, रामगढ़ जेल से पुलिस रिमांड पर पूछताछ के लिए लाया जा रहा था; शौच जाने का बहाना बनाकर वाहन से उतरते ही लगाई दौड़
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश कर रहे राहुल दुबे गैंग से जुड़े अपराधी तुषार मिश्रा को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया। रामगढ़ जेल से पुलिस रिमांड पर हजारीबाग लाए जा रहे तुषार ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास शौच जाने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन रुकवाया। जैसे ही वह वाहन से नीचे उतरा, अचानक पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने लगा। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने तत्काल घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। इस दौरान हुई धर-पकड़ में तुषार मिश्रा के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि उसे पकड़ने की कोशिश में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल/शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (SP) अमन कुमार देर रात करीब 12 बजे अस्पताल पहुंचे और घायल तुषार मिश्रा से पूछताछ की।
AK इंटरनेशनल होटल गोलीकांड से जुड़ा है मामला
जानकारी के अनुसार, तुषार मिश्रा का मामला हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र में दर्ज AK इंटरनेशनल होटल गोलीकांड से जुड़ा है। इस मामले में कोर्रा थाना कांड संख्या 205/26 के तहत पुलिस जांच कर रही है। तुषार मिश्रा की इस गोलीबारी की घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करना चाहती थी। तुषार मिश्रा पहले से रामगढ़ जेल में बंद था। हजारीबाग पुलिस ने उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी की थी। इसी सिलसिले में पुलिस टीम उसे रामगढ़ जेल से हजारीबाग लेकर आ रही थी। लेकिन रास्ते में ही उसने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश कर दी।
शौच जाने का बहाना, फिर पुलिस को चकमा देकर लगाई दौड़
शुक्रवार देर रात पुलिस का काफिला जब मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास पहुंचा, तब तुषार मिश्रा ने शौच जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने वाहन रोका और उसे नीचे उतरने का मौका दिया। इसी दौरान उसने अचानक भागने की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। सुरक्षा बलों ने तत्काल उसका पीछा किया और आसपास घेराबंदी कर दी। कुछ दूरी तक भागने के प्रयास के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान हुई हाथापाई और धर-पकड़ में तुषार मिश्रा के पैर में गंभीर चोट लग गई। वहीं, उसे पकड़ने के प्रयास में कोर्रा थाना के एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद अस्पताल में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
देर रात अस्पताल पहुंचे एसपी अमन कुमार, खुद की पूछताछ
घटना की सूचना मिलने के बाद हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार देर रात सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल तुषार मिश्रा से पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने होटल गोलीकांड की जांच और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। कशिश न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, एसपी ने बताया कि होटल गोलीकांड में तुषार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और वारदात की योजना बनाने में भी उसकी भूमिका सामने आई है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गोलीबारी की घटना के पीछे की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
कारोबारियों और होटल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का आरोप
हजारीबाग और आसपास के इलाकों में राहुल दुबे गैंग की गतिविधियां पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में इस गिरोह का नाम कारोबारियों को धमकाने, लेवी वसूली और गोलीबारी जैसी घटनाओं से जोड़ा गया है। जाहिर है हजारीबाग शहर के AK इंटरनेशनल होटल के अलावा बरही और चौपारण में भी होटल प्रतिष्ठानों पर गोलीबारी की गयी थी। पुलिस इन घटनाओं के बीच आपसी संबंध और गिरोह के सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है।।तुषार मिश्रा से पूछताछ को इस लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि उसके जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों, वारदातों की योजना और आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी मिल सकती है।
अब पुलिस के सामने गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने की चुनौती
तुषार मिश्रा के पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस अब उससे होटल गोलीकांड के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ करेगी।

लुगू बुरु महोत्सव में शामिल होने के लिए CM हेमंत सोरेन को न्योता, 22 नवंबर से तीन दिवसीय राजकीय आयोजन
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बोकारो के ललपनिया में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव-2026…

रांची में स्वीकृत नक्शे से दो मंजिल अधिक बना दी इमारत, नगर निगम ने थमाया नोटिस; तीन दिन में मांगा जवाब
बरियातू मुख्य मार्ग पर B+G+4 की अनुमति लेकर खड़ा कर दिया B+G+6 भवन, सेटबैक और पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं मिली; जवाब…

375 करोड़ रुपये में बिका रांची का न्यूक्लियस मॉल, झारखंड के रियल एस्टेट बाजार में बड़ी हलचल; रजिस्ट्री में 26.25 करोड़ रुपये सरकारी शुल्क का दावा
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल न्यूक्लियस मॉल (Nucleus Mall) की 375 करोड़ रुपये में बिक्री की…


















