two-major-incidents-crime-bokaro-chain

बोकारो में अपराध की दो बड़ी घटनाएं: CISF अधिकारी से चेन छिनतई का खुलासा, दो गिरफ्तार; दूसरी ओर नाती ने नाना का गला रेता

Share
Link copied

सिटी पार्क में मॉर्निंग वॉक के दौरान CISF के सहायक कमांडेंट पर हुआ था हमला, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा; नावाडीह में पैसों के विवाद में नाती ने नाना पर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

बोकारो। बोकारो जिले में अपराध की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर सिटी थाना क्षेत्र के सिटी पार्क में मॉर्निंग वॉक के दौरान CISF के सहायक कमांडेंट से सोने की चेन छिनतई और धारदार हथियार से हमला करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी ओर नावाडीह थाना क्षेत्र के आरगामो गांव में पैसों के विवाद में एक नाती ने अपने नाना का सब्जी काटने वाली धारदार बैठी से गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में चल रहा है।

सिटी पार्क में CISF अधिकारी से चेन छिनतई, दो आरोपी गिरफ्तार

बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र स्थित सिटी पार्क में 20 नवंबर 2026 की सुबह करीब सात बजे CISF के सहायक कमांडेंट मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर आरोपियों ने भुजाली से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ की उंगलियों में चोट आई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक (City DSP) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्य (Technical Evidence) और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करण बाउरी और प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। छिनतई की गई सोने की चेन को बेचने के लिए एक अन्य व्यक्ति को दिया गया था, जिसके बदले 20 हजार रुपये मिले थे। इसमें से 10 हजार रुपये खर्च कर दिए गए, जबकि शेष 10 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई भुजाली और एक आरोपी का चप्पल भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पुरुलिया और दूसरा बिहार का रहने वाला है। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसके पास चेन बेचे जाने की बात सामने आई है। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने सेक्टर-1 स्थित अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद सोने की चेन भी बरामद कर ली जाएगी। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पैसों के विवाद में नाती ने नाना का गला रेता, हालत गंभीर

दूसरी घटना नावाडीह थाना क्षेत्र के खरपिटो पंचायत अंतर्गत आरगामो गांव की है। यहां रविवार को पारिवारिक रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद एक नाती ने अपने नाना हिरण तुरी पर धारदार हथियार से हमला कर उनका गला रेत दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, आरगामो निवासी हिरण तुरी के घर पर उनके रिश्ते का नाती शक्ति मिर्धा उर्फ चमारी तुरी का छोटा बेटा रहता था। दोनों के बीच नाना-नाती का रिश्ता था। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद से नाराज होकर रविवार को नाती ने घर में इस्तेमाल होने वाली सब्जी काटने की धारदार बैठी से हिरण तुरी के गले पर हमला कर दिया। हमले में हिरण तुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल बोकारो रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में भी हालत गंभीर रहने के कारण उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटना की सूचना मिलने के बाद नावाडीह थाना पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। बताया जाता है कि हिरण तुरी का कोई बेटा नहीं है। उनकी एक विवाहित बेटी है। घर में अकेले रहने के कारण उन्होंने अपनी भगिनी को गोद लेकर अपने पास रखा था। इसी पारिवारिक व्यवस्था के तहत उनका नाती भी उनके घर पर रहता था।

इसे भी पढ़ें
जमशेदपुर में दिल दहला देने वाली घटना: प्रताड़ना से टूटकर तीन बेटियों संग जहर खाने वाली पिंकी और छोटी बेटी की मौत, मायके पक्ष का हंगामा
इसे भी पढ़ें

जमशेदपुर में दिल दहला देने वाली घटना: प्रताड़ना से टूटकर तीन बेटियों संग जहर खाने वाली पिंकी और छोटी बेटी की मौत, मायके पक्ष का हंगामा

एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मां-बेटी ने तोड़ा दम, दो अन्य बेटियों की हालत गंभीर; पति और देवरानी गिरफ्तार, देवर फरार…

बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार को घेरा, अजय साह बोले- कोई अनहोनी हुई तो सरकार होगी जिम्मेदार
इसे भी पढ़ें

बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार को घेरा, अजय साह बोले- कोई अनहोनी हुई तो सरकार होगी जिम्मेदार

13 साल पुराने बुलेटप्रूफ वाहन को लौटाने के बाद भी नहीं बदली व्यवस्था, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के सुरक्षा वाहनों की स्थिति…

माओवादियों के गढ़ में गूंजी विकास की आवाज, जहां लगती थी जन अदालत, वहां अब बनेगी सड़क
इसे भी पढ़ें

माओवादियों के गढ़ में गूंजी विकास की आवाज, जहां लगती थी जन अदालत, वहां अब बनेगी सड़क

गढ़वा के बूढ़ा पहाड़ से सटे दुर्गम इलाकों में 7.11 करोड़ की लागत से दो सड़कों का निर्माण, सांसद वीडी राम ने…

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।