झारखंड के मेधावी छात्रों को मिलेंगे 3 लाख रुपये, लैपटॉप और मोबाइल; खेलगांव में 26 से 28 नवंबर तक सजेगा सांस्कृतिक महोत्सव, सुनिधि चौहान करेंगी लाइव परफॉर्मेंस
रांची। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा और हेमंत सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी रांची का खेलगांव तीन दिनों तक उत्सव के रंग में रंगा रहेगा। 26 से 28 नवंबर तक यहां भव्य सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जहां बॉलीवुड की मशहूर गायिका सुनिधि चौहान अपनी लाइव प्रस्तुति से संगीत प्रेमियों को झुमाएंगी, वहीं राज्य के मेधावी विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये तक के नकद पुरस्कार, लैपटॉप और मोबाइल फोन देकर सम्मानित किया जाएगा। राज्यस्तरीय समारोह में झारखंड की शैक्षणिक प्रतिभा, लोककला, जनजातीय संस्कृति और आधुनिक संगीत का संगम देखने को मिलेगा। आयोजन को लेकर खेलगांव में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
टॉपर्स को मिलेंगे तीन लाख रुपये, लैपटॉप और मोबाइल
28 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) और इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (ICSE) के टॉपर्स शामिल होंगे। पुरस्कार के तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को दो लाख रुपये और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा चयनित विद्यार्थियों को लैपटॉप और मोबाइल फोन भी प्रदान किए जाएंगे।जानकारी के अनुसार, तीनों बोर्डों के कुल 80 विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने की योजना है। इनके अलावा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के टॉपर्स, झारखंड राज्य ओलंपियाड के विजेता और आकांक्षा कोचिंग के माध्यम से देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग एवं मेडिकल संस्थानों में चयनित विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। आकांक्षा कोचिंग, ओलंपियाड और ई-शिक्षा महोत्सव के तहत राज्य एवं जिला स्तर पर कुल 235 विद्यार्थियों को सम्मानित करने की योजना है।
27 नवंबर को सुनिधि चौहान की लाइव प्रस्तुति
खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 27 नवंबर को बॉलीवुड गायिका सुनिधि चौहान की लाइव प्रस्तुति होगी। अपनी दमदार आवाज और शानदार मंचीय प्रदर्शन के लिए मशहूर सुनिधि चौहान की प्रस्तुति को लेकर संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह रहने की उम्मीद है। इस महोत्सव में पद्मश्री मधु मंसूरी समेत देश और झारखंड के कई चर्चित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन में झारखंड की जनजातीय विरासत, पारंपरिक लोकनृत्य, लोकसंगीत और आधुनिक संगीत को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
26 नवंबर को होगा महोत्सव का उद्घाटन
महोत्सव का उद्घाटन 26 नवंबर को शाम पांच बजे खेलगांव में होगा। उद्घाटन समारोह में मंत्री दीपक बिरुवा, संजय प्रसाद यादव और दीपिका पांडेय सिंह शामिल होंगे।पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत रांची के कुश कुमार करुआ के बांसुरी वादन से होगी। इसके बाद मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली लोकनृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी।सुमेधा सेन गुप्ता, शीतल कुमार उरांव और प्रमिला कुमारी कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी नृत्य की प्रस्तुतियां देंगी। गुरु तपन कुमार पटनायक छऊ नृत्य के जरिए झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को मंच पर जीवंत करेंगे। वहीं वर्षा लकड़ा और उनका दल आधुनिक नागपुरी नृत्य प्रस्तुत करेगा। ‘द सजना ग्रुप’ बैंड की प्रस्तुति भी पहले दिन के आकर्षणों में शामिल होगी।
स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा बड़ा मंच
तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ मंच उपलब्ध कराना भी है। जनजातीय परंपराओं से लेकर आधुनिक संगीत तक, विभिन्न विधाओं की प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विविधता को सामने लाया जाएगा। कुल मिलाकर 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में संगीत, संस्कृति और प्रतिभा का विशेष आयोजन देखने को मिलेगा। 27 नवंबर को सुनिधि चौहान की प्रस्तुति और 28 नवंबर को मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह इस आयोजन के दो प्रमुख आकर्षण होंगे।

झारखंड विधानसभा में आज खनिज संशोधन कानून के खिलाफ संकल्प पेश करेगी सरकार, सदन में हो सकती है तीखी बहस
रांची: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र का आज गुरुवार को दूसरा और अंतिम दिन है। सदन में आज खान एवं…

रांची सहित पूरे झारखंड में आज साफ और शुष्क मौसम, सुबह हल्का कोहरा; तापमान में गिरावट जारी
रांची: आज झारखंड में मौसम साफ और शुष्क रहने वाला है। सुबह के समय राज्य के कई हिस्सों में हल्का से मध्यम…

रामगढ़ के चितरपुर में भीषण सड़क हादसा: हाइवा ने मैजिक को मारी टक्कर, दो की मौत-चार घायल
रामगढ़: रामगढ़ जिले के चितरपुर में गुरुवार (26 नवंबर) की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। घटना चितरपुर काली चौक के पास…


















