हेमंत सोरेन का केंद्र पर निशाना: झारखंड के खनिज अधिकार सीमित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं, 10 साल में 2.56 लाख करोड़ के नुकसान की आशंका

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संविधान दिवस के अवसर पर झारखंड विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 (MMDR) को लेकर राज्य सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि SIR में किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को प्रक्रिया की जटिलता या दस्तावेजों की कमी के कारण मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। वहीं, MMDR संशोधन से झारखंड के वित्तीय और संघीय अधिकार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए केंद्र सरकार से इस पर पुनर्विचार करने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR और MMDR भले ही अलग-अलग विषय हों, लेकिन दोनों के मूल में नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी और राज्यों की संवैधानिक एवं वित्तीय स्वतंत्रता का सवाल जुड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार मतदाता सूची के शुद्धीकरण के विरोध में नहीं है, लेकिन किसी पात्र मतदाता का नाम तकनीकी गड़बड़ी, नाम की वर्तनी, उम्र की प्रविष्टि या गलत आपत्ति के आधार पर नहीं हटना चाहिए। उन्होंने Form-7 के कथित दुरुपयोग की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की सामाजिक परिस्थितियों को समझे बिना केवल तकनीकी आंकड़ों के आधार पर मतदाताओं की पात्रता तय करना उचित नहीं है। यहां अलग-अलग जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाएं हैं, जिनके कारण एक ही व्यक्ति का नाम विभिन्न दस्तावेजों में अलग-अलग वर्तनी में दर्ज हो सकता है। बुजुर्गों के पास जन्म प्रमाणपत्र नहीं होना, शादी के बाद महिलाओं का नाम और पता बदलना तथा प्रवासी मजदूरों की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना होगा।
मुख्यमंत्री ने MMDR संशोधन पर कहा कि 25 जुलाई 2024 को सुप्रीम कोर्ट की नौ सदस्यीय संविधान पीठ के फैसले से खनिज उत्पादक राज्यों को अपने संसाधनों से राजस्व जुटाने की उम्मीद जगी थी। लेकिन इसके बाद MMDR अधिनियम में हुए संशोधन से राज्यों की खनिज अधिकारों पर कर और उपकर लगाने की शक्ति सीमित होने का सवाल खड़ा हुआ है।
उन्होंने सदन में राज्य सरकार के आकलन का हवाला देते हुए कहा कि अगले 10 वर्षों में झारखंड से करीब 210 करोड़ टन खनिज निकाले जाने का अनुमान है। यदि राज्य के पास खनिजों पर कर और उपकर लगाने का अधिकार बना रहता, तो इस अवधि में लगभग 2 लाख 56 हजार करोड़ रुपये का संभावित राजस्व प्राप्त हो सकता था। उन्होंने कहा कि यह राशि केवल सरकारी खजाने का विषय नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, रोजगार और गरीब परिवारों के कल्याण से जुड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कोयला कंपनियों के पास झारखंड की लगभग 42 हजार एकड़ वन भूमि, 95 हजार एकड़ रैयती भूमि और 66 हजार एकड़ सरकारी गैर-वन भूमि होने का आंकड़ा भी सदन में रखा। उन्होंने कहा कि खनन के कारण विस्थापन और पर्यावरणीय नुकसान का भार राज्य के लोगों को उठाना पड़ता है। ऐसे में खनिज संपदा से होने वाले आर्थिक लाभ में राज्य की न्यायपूर्ण हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने राज्य में खनिज राजस्व में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2020 में झारखंड का खनिज राजस्व 4,888 करोड़ रुपये था, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर 18,844 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान कोयले से राजस्व 3,039 करोड़ से बढ़कर 10,200 करोड़ रुपये, लौह अयस्क से 989 करोड़ से बढ़कर 5,100 करोड़ रुपये और बॉक्साइट से 110 करोड़ से बढ़कर 650 करोड़ रुपये हुआ। उन्होंने कहा कि खनिज उत्पादन में 35 प्रतिशत की वृद्धि के मुकाबले खनिज राजस्व में करीब 286 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राजस्व चोरी और रिसाव रोकने तथा प्रशासनिक व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया है। खनिज संपदा से होने वाली आय का इस्तेमाल झारखंड के लोगों के विकास में होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सदन के सभी दलों से राज्य के आर्थिक और संवैधानिक अधिकारों के सवाल पर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी विशेष रियायत की मांग नहीं कर रही, बल्कि अपने संवैधानिक अधिकारों और संसाधनों में न्यायपूर्ण हिस्सेदारी की रक्षा चाहती है। उन्होंने विधानसभा से MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 पर पुनर्विचार अथवा उसे वापस लेने का अनुरोध करते हुए केंद्र सरकार को राजकीय संकल्प भेजने का आग्रह किया। साथ ही SIR प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं के लिए स्पष्ट कारण, उचित नोटिस, वास्तविक सुनवाई और प्रभावी अपील का अवसर सुनिश्चित करने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की रक्षा तब होती है, जब गरीब का वोट सुरक्षित हो, राज्यों का सम्मान हो और विकास का लाभ उस धरती तक पहुंचे, जहां से देश की संपदा निकलती है। उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिबद्धता संविधान और झारखंड की जनता के प्रति है। अंत में उन्होंने सभी विधायकों से दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर राज्य के अधिकारों के पक्ष में एकजुट होने की अपील की।

संविधान दिवस पर भाजपा की प्रदेश स्तरीय संगोष्ठी, संजय सेठ और आदित्य साहू ने कांग्रेस पर साधा निशाना
रांची: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रदेश भाजपा की ओर से रांची के डिबडीह में प्रदेश स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन…
सौदा डी-सेंट्रल सौदा सड़क निर्माण अधर में, जर्जर मार्ग से परेशान ग्रामीण; मरम्मत की मांग
भुरकुंडा। सौदा डी से सेंट्रल सौदा सहित कई पंचायत क्षेत्रों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य अधर में लटक गया…
















