स्थापना दिवस पखवाड़ा: दिव्यांगजन सशक्तिकरण से रोजगार तक, झारखंड में गांव-गांव पहुंच रहीं सरकारी योजनाएं

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत राज्यभर में विकास, सामाजिक समावेशन और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार को विभिन्न जिलों में दिव्यांगजन सशक्तिकरण, आवास, सुरक्षित मातृत्व, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाए गए। इन कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं, बच्चों, किसानों, युवाओं, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की पहल की गई।
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं समावेशी समाज दिवस के कार्यक्रमों में राज्यभर से 2,16,400 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस दौरान विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और UDID कार्ड बनवाने में सहायता, सहायक उपकरणों की उपलब्धता तथा अभिभावकों को जागरूक करने जैसी गतिविधियां हुईं।
864 परिवारों को मिला अपना आशियाना
आवास योजनाओं के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में 17 से 26 नवंबर के बीच 864 परिवारों ने नए घरों में गृह प्रवेश किया। इनमें गुरुवार को 77 परिवार शामिल रहे। वहीं, गोड्डा में 17 और लातेहार में 13 परिवारों को भी विभिन्न आवास योजनाओं के तहत नए घर मिले। दूसरी ओर, सिमडेगा में दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं देने वाली 143 प्रशिक्षित पारंपरिक दाइयों को विशेष प्रसव किट दी गई। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता और सुरक्षित संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना है।

बोकारो की कला और विरासत को मिलेगी पहचान
बोकारो की सांस्कृतिक विरासत को राज्यस्तरीय पहचान दिलाने के लिए विशेष प्रदर्शनी में जिले की पारंपरिक काष्ठ कला, संताल समुदाय के आस्था स्थल लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ और भेंडरा मेटल क्लस्टर को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे स्थानीय कला, संस्कृति, पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देने की पहल की गई है।
रोजगार और किसानों की आजीविका पर जोर
पाकुड़ में आयोजित भर्ती कैंप में 261 रिक्तियों के विरुद्ध 19 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 22 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। चतरा में किसानों के बीच उन्नत चना बीज किट का वितरण और खेत बचाओ अभियान चलाया गया। दुमका में 20 महिला समूह सदस्यों को सरसों के बीज दिए गए। लोहरदगा में 190 पशुपालकों को पशु चिकित्सा सेवाओं और जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ मिला।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और बाल संरक्षण के कार्यक्रम
गोड्डा में सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच के साथ सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लोहरदगा में रक्तदान शिविर के दौरान 17 यूनिट रक्त संग्रह किया गया और 437 छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण की जानकारी दी गई। पाकुड़ में 100 टीबी मरीजों के बीच पोषण किट वितरित की गई। सरायकेला-खरसावां में स्वास्थ्य शिविर, निःशुल्क दवा वितरण, स्वच्छता जागरूकता और नशामुक्ति अभियान चलाए गए।
संविधान दिवस पर दिलाई गई शपथ
स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान संविधान दिवस के अवसर पर गोड्डा और लातेहार समेत विभिन्न जिलों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। चतरा में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशामुक्ति और अफीम के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
राज्य सरकार के अनुसार, स्थापना दिवस पखवाड़ा का उद्देश्य झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के साथ विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

झारखंड में तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज, 160 स्टॉलों में दिखेगी राज्य की उपलब्धियां और हुनर
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का गुरुवार…

सिमडेगा : पिता की हत्या के आरोप में बेटा गिरफ्तार, लोहे की फुकनी से सिर पर किया था वार
सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में पिता की हत्या के आरोप में पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार किया…
















