rpf-action-ranchi-station-five-underage

रांची स्टेशन पर RPF की कार्रवाई, तमिलनाडु ले जाई जा रही पांच नाबालिग बच्चियां मुक्त, एक गिरफ्तार

Share
Link copied
rpf-action-ranchi-station-five-underage
rpf-action-ranchi-station-five-underage

रांची: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए पांच नाबालिग बच्चियों को मुक्त कराया है। बच्चियों को रोजगार दिलाने का झांसा देकर तमिलनाडु ले जा रहे एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है। RPF, अपराध आसूचना शाखा (CIB) और DNF की संयुक्त टीम ने 26 नवंबर को यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, रेल मदद पर मिली शिकायत में ट्रेन संख्या 18636 (सासाराम-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस) से कुछ नाबालिग बच्चियों को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाने की सूचना मिली थी। ट्रेन के दोपहर करीब 12:08 बजे रांची स्टेशन पहुंचने पर संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति के साथ पांच बच्चियों को देखा। संदेह होने पर सभी को रोककर RPF पोस्ट लाया गया।

Sthapna Diwas
Advertisement

पूछताछ में व्यक्ति की पहचान पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अपर खुर्द निवासी सुशील कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह (41) के रूप में हुई। उसने बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से तमिलनाडु की एक स्पिनिंग मिल में सुपरवाइजर के रूप में काम कर रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह बच्चियों को तमिलनाडु में नौकरी दिलाने और हर महीने 15 हजार रुपये वेतन मिलने का प्रलोभन देकर अपने साथ ले जा रहा था। उसने कंपनी से प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 20 रुपये मिलने की बात भी बताई।

नाबालिग बच्चियों को रोजगार के नाम पर दूसरे राज्य ले जाने और उनके संभावित शोषण की आशंका को देखते हुए RPF ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सभी बच्चियों और हिरासत में लिए गए व्यक्ति को रांची के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) थाना को सौंप दिया।

इस मामले में AHTU थाना कांड संख्या 14/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) और 143(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 और 81 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच SI मनोज भगत को सौंपी गई है। RPF के अनुसार, ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा तथा मानव तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।