रूस में हिरासत से छूटे झारखंड के मनीष साहू, सुरक्षित लौटे जमशेदपुर

रांची: रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए झारखंड के युवक मनीष साहू की आखिरकार सुरक्षित भारत वापसी हो गई है। 29 वर्षीय मनीष साहू 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचे और शुक्रवार, 27 नवंबर को ट्रेन से अपने गृह नगर जमशेदपुर पहुंच गए। उनकी सुरक्षित वापसी में झारखंड के राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष और भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग की अहम भूमिका रही।
जानकारी के अनुसार, मनीष साहू 6 अक्टूबर 2026 को पर्यटक वीजा पर रूस गए थे। 27 अक्टूबर के बाद जब परिवार का उनसे संपर्क टूट गया, तो उनकी मां नीलम साहू ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मनीष ने खुद विभाग को सूचना दी कि रूस की स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में रखा है। उन्होंने कथित दुर्व्यवहार, झूठे आरोप और दबाव बनाए जाने की शिकायत भी की थी। हालांकि, इन आरोपों का स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने 29 अक्टूबर को प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स, रांची और भारतीय दूतावास, मॉस्को सहित संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल कांसुलर एवं कानूनी सहायता मांगी। बाद में मामला भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग को सौंप दिया गया। 3 नवंबर को महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने निरोध केंद्र में मनीष से मुलाकात कर उन्हें कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई।

इस दौरान जारी प्रशासनिक आदेश में मनीष पर 4,000 रूबल का जुर्माना लगाने के साथ रूस से अनिवार्य निष्कासन का आदेश दिया गया था। 9 नवंबर को न्यायिक बेलीफ की समीक्षा के बाद उन्हें 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस छोड़ने की अनुमति मिली। इसके बाद भारतीय महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से उनकी वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई।
मनीष 25 नवंबर को रूस से रवाना हुए और 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचे। इसके बाद 27 नवंबर को जमशेदपुर पहुंच गए। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने उनकी सुरक्षित वापसी में सहयोग के लिए भारतीय महावाणिज्य दूतावास और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया है।
विभाग ने रूस जाने वाले श्रमिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वीजा, रोजगार अनुबंध और भर्ती एजेंसियों की वैधता की जांच जरूर करें। साथ ही विदेश में किसी तरह की परेशानी होने पर भारतीय दूतावास या महावाणिज्य दूतावास से संपर्क करें।

हेमंत सोरेन के राजनीतिक सफर पर लिखी गईं दो पुस्तकें मुख्यमंत्री को की गईं भेंट
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पत्रकार एवं लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य और प्रकाशक…

शहीद सोबरन सोरेन के शहादत दिवस पर सीएम ने दी श्रद्धांजलि, 111 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास-उद्घाटन
रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह-सह-पारितोषिक वितरण…
















