घाघरा में बेखौफ बालू का अवैध कारोबार, थाना गेट के सामने से गुजर रहे बालू लदे ट्रैक्टर

निर्मल सिंह
गुमला: घाघरा थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और ढुलाई का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। घाघरा और पूसो थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित गुटवा कोयल नदी समेत अन्य स्थानों से बालू का अवैध उठाव किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अहले सुबह से ही ट्रैक्टरों के जरिए बालू की ढुलाई होती है। हैरानी की बात यह है कि बालू लदे ट्रैक्टर प्रखंड मुख्यालय और थाना गेट के सामने से होकर गुजरते हैं, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
सरकारी राजस्व को हो रहा नुकसान
बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध बालू खनन और परिवहन से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। वहीं, इस अवैध कारोबार में शामिल लोग लगातार मुनाफा कमा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुलेआम कारोबार होने के बावजूद खनन विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी घटनाओं की जानकारी पुलिस तक तुरंत पहुंच जाती है, लेकिन थाना के सामने से अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है। लोगों ने प्रशासन और खनन विभाग की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग की है।
अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग
स्थानीय लोगों ने गुटवा कोयल नदी में हो रहे अवैध बालू खनन और परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही इस कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब कार्रवाई करता है।

कुड़ुख भाषा एवं संस्कृति पर राष्ट्रीय सेमिनार का समापन, 25 शोधार्थियों ने प्रस्तुत किए शोध पत्र
निर्मल सिंह गुमला: उरांव-कुड़ुख भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का समापन हो…

महिला आरक्षण और परिसीमन पर कांग्रेस को घेरा, गीता कोड़ा बोलीं- महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देना चाहती कांग्रेस
रांची: बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस…
















