नामकुम में जमीन रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की जांच तेज, ACB ने खंगाला रोकड़ रूम; डबल म्यूटेशन के आधार की तलाश
रांची: नामकुम अंचल में जमीन के रिकॉर्ड में कथित छेड़छाड़ और डबल म्यूटेशन के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जांच तेज कर दी है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद दर्ज FIR के सिलसिले में ACB की टीम नामकुम अंचल कार्यालय पहुंची और जमीन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। टीम ने अंचल कार्यालय के रोकड़ रूम की भी जांच की। इस दौरान कुछ महत्वपूर्ण कागजात मिलने की बात सामने आई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
ACB की जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि एक ही जमीन का डबल म्यूटेशन किस आधार पर किया गया। इसके लिए संबंधित पंजी, म्यूटेशन रिकॉर्ड और अंचल कार्यालय में मौजूद अन्य दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि जमीन के रिकॉर्ड में कथित बदलाव किस स्तर पर हुआ और इसमें किन अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका रही। म्यूटेशन की प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
मामले में तत्कालीन CO श्वेता वर्मा, तत्कालीन अंचल निरीक्षक मनोज कुमार और तत्कालीन अंचल निरीक्षक दीपक कुमार को आरोपी बनाया गया है। ACB ने इस संबंध में केस नंबर 18/26 दर्ज किया है।
FIR दर्ज होने के बाद जांच एजेंसी मामले से जुड़े तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही जमीन के मूल रिकॉर्ड और म्यूटेशन से जुड़े दस्तावेज भी जुटाए जा रहे हैं।
अब ACB की जांच में यह सामने आना महत्वपूर्ण होगा कि डबल म्यूटेशन किस प्रक्रिया के तहत हुआ, रिकॉर्ड में कथित बदलाव कब और कैसे किया गया तथा इस पूरी प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका थी।

















