रामगढ़ में बीमारी ने उजाड़ा परिवार, मां समेत दो बेटों की मौत; झाड़-फूंक की भी चर्चा
गुड्डू पांडेय
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रामगढ़: भुरकुंडा थाना क्षेत्र के पाली गांव में एक परिवार पर बीमारी का ऐसा कहर टूटा कि तीन लोगों की जान चली गई। मां संगीता और उसके दो बेटों रामकिशुन व साहिल की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। तीनों की मौत को लेकर अब कई सवाल भी उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले परिवार के दोनों बेटों की तबीयत बिगड़ी थी। उन्हें अस्पताल ले जाने पर जांच में मलेरिया और टाइफाइड होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उनका इलाज कराया गया, लेकिन इसी दौरान परिवार की ओर से बीमारी ठीक करने के लिए झाड़-फूंक कराए जाने की भी बात सामने आ रही है।

समय के साथ दोनों बच्चों की हालत गंभीर होती चली गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद उनकी मां संगीता की तबीयत भी खराब हो गई।
संगीता को रामगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स में इलाज के दौरान देर रात उसकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर सामने आने के बाद पाली गांव में हड़कंप मच गया।
मौत की वजह को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं
घटना के बाद गांव में अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी मौत की अंतिम वजह को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं दिया है। बीमारी, इलाज और झाड़-फूंक से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
भुरकुंडा पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि तीनों की मौत की वास्तविक वजह क्या थी।

















