पुलिस नेमप्लेट लगी टाटा सफारी से पशु तस्करी का भंडाफोड़, सिमडेगा में 5 मवेशियों सहित वाहन जब्त
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस का नेमप्लेट लगी टाटा सफारी वाहन से पशु तस्करी का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने पांच प्रतिबंधित गौवंशीय मवेशियों को बरामद किया और वाहन को जब्त कर लिया।
सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एम. अर्शी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कोलेबिरा घाटी के फीकपानी क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया गया। सूचना थी कि एक सफेद रंग की टाटा सफारी वाहन से अवैध रूप से पशुओं की तस्करी हो रही है। उड़ीसा से रांची की ओर जा रहे इस वाहन को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक और एक अन्य व्यक्ति पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर भाग निकले।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें पांच प्रतिबंधित गौवंशीय मवेशी लदे हुए मिले। हैरानी की बात यह थी कि वाहन के आगे पुलिस का नेमप्लेट लगा हुआ था, जिसका इस्तेमाल तस्करों ने अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए किया। पुलिस ने मवेशियों सहित वाहन को जब्त कर कोलेबिरा थाना ले आई।
एसपी अर्शी ने बताया कि अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी के नए तरीकों पर सवाल उठाए हैं, जहां तस्कर पुलिस की आड़ में अपनी गतिविधियां चला रहे थे।

















