नए डीजीपी की नियुक्ति पर बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर तीखा हमला: "नियम-कानून और संविधान आपके लिए कोई मायने नहीं रखते"

नए डीजीपी की नियुक्ति पर बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर तीखा हमला: “नियम-कानून और संविधान आपके लिए कोई मायने नहीं रखते”

Share
Link copied

रांची : झारखंड में नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संबोधित करते हुए तंज कसते हुए कहा कि इस नियुक्ति से आपने साबित कर दिया है कि आपके लिए नियम, कानून, संविधान और न्यायालय कोई मायने नहीं रखते।

मरांडी ने अपने बयान में मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “बधाई इस बात की कि आपने बता दिया है कि नियम, कानून, संविधान, न्यायालय आपके लिए कोई मायने नहीं रखता।” उन्होंने आगे कहा कि इतिहास में ‘जंगल राज’ चलाने वालों में अपना नाम सबसे ऊपर लिखाने के लिए मुख्यमंत्री चाहें तो सुप्रियो भट्टाचार्य को भी डीजीपी बना सकते हैं। “यह तो उन्होंने अपने निर्णय से साबित कर ही दिया है। लगे हाथ यह काम भी कर ही देना चाहिए।”

नेता प्रतिपक्ष ने हेमंत सोरेन को नसीहत देते हुए कहा कि कानून, संविधान और न्यायपालिका की परवाह भले ही मुख्यमंत्री न करें, लेकिन भगवान से जरूर डरें। “ईश्वर के घर देर है, अंधेर नहीं। वो सब देख रहा है। उसकी लाठी चलती है तो आवाज नहीं होती, पर चोट बहुत लगती है।”

वर्षांत के दिन सांकेतिक प्रहार करते हुए मरांडी ने नए वर्ष की शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि “नए साल में नए संघर्ष की शुरुआत होगी।”

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow