भोलानाथ सिंह फिर बने हॉकी झारखंड के अध्यक्ष, मनोज कोनबेगी महासचिव निर्विरोध निर्वाचित

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची: मोराबादी स्थित जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के सभागार में रविवार को हॉकी झारखंड की 13वीं वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। बैठक में राज्य के सभी 24 जिला हॉकी संघों के प्रतिनिधियों और राज्य एथलीट समिति के सदस्यों ने भाग लिया। आमसभा में वर्ष 2025-26 के वार्षिक प्रतिवेदन, आय-व्यय विवरण, लेखा-परीक्षण रिपोर्ट समेत आठ महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इसके बाद वर्ष 2026-2030 कार्यकाल के लिए हॉकी झारखंड की नई कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न कराया गया। चुनाव अधिकारी अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि सभी 11 पदों पर एक-एक वैध नामांकन प्राप्त होने के कारण सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में भोलानाथ सिंह लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुने गए, जबकि मनोज कुमार प्रसाद उर्फ मनोज कोनबेगी महासचिव निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष पद पर अरविंद सिंह, अशोक भगत और चंद्रयाणी मजूमदार चुने गए। संयुक्त सचिव के रूप में सुरजीत कुमार झा और दुलारी टोपनो, कोषाध्यक्ष के रूप में असरिता लकड़ा तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जयदीप महाराणा, संजय कुमार गुप्ता और पल्लवी कच्छप निर्वाचित हुए।
आमसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया। जयंत केरकेट्टा और बिगन सोय को खिलाड़ी प्रतिनिधि बनाया गया, जबकि तारिणी कुमारी और नरबोट कुजूर को एथलीट समिति में शामिल किया गया। निवर्तमान महासचिव विजय शंकर सिंह को हॉकी झारखंड का डायरेक्टर जनरल नियुक्त किया गया।
बैठक के दौरान हॉकी के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य के 20 जिलों को प्रति जिला 65 हजार रुपये मूल्य के खेल किट वितरित किए गए। इन किटों में हॉकी स्टिक और हॉकी बॉल शामिल हैं। इससे पहले चार जिलों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी थी।

निवर्तमान महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में पारदर्शी चयन प्रक्रिया और सभी जिला इकाइयों के सहयोग से झारखंड हॉकी ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि इस अवधि में राज्य के 35 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है, जबकि वर्तमान में 15 खिलाड़ी विभिन्न भारतीय टीमों का हिस्सा हैं और 20 खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे हैं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने सभी जिला इकाइयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड में हॉकी के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी के सहयोग से लगातार प्रयास जारी रहेंगे। बैठक में हॉकी इंडिया के पर्यवेक्षक शेखर जे. मनोहरन तथा झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेन्द्रु दुबे भी मौजूद रहे।
















