सावन से पहले पहाड़ी मंदिर की तैयारियों का डीसी ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिए सख्त निर्देश

रांची: आगामी सावन पर्व को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने रविवार को रांची के पहाड़ी बाबा मंदिर पहुंचकर तैयारियों और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सीढ़ी मार्ग, शौचालय निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न विकास योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सावन माह में लाखों श्रद्धालु पहाड़ी बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए दर्शन, पूजा-अर्चना और अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सावन शुरू होने से पहले सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। साथ ही सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रभावी योजना तैयार करने को कहा।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पूजा के दौरान शीशे या धातु की वस्तुओं का प्रयोग न करें। उन्होंने बताया कि सावन पर्व के दौरान पहाड़ी मंदिर में शीशे की किसी भी प्रकार की पूजन सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। दुकानदारों से भी ऐसी सामग्री नहीं बेचने का आग्रह किया गया है।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से पहाड़ी बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने रांचीवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना करते हुए पहाड़ी बाबा से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की कामना की।

















