मॉनसून और श्रावणी मेले को लेकर NDRF अलर्ट, रांची-जमशेदपुर-देवघर में तैनात होंगी तीन टीमें

रांची: झारखंड में मॉनसून के दौरान संभावित आपदाओं और श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एनडीआरएफ की तीन विशेष टीमें राज्य के प्रमुख शहरों रांची, जमशेदपुर और देवघर में तैनात की जा रही हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट विनय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि सभी टीमें आधुनिक बचाव उपकरणों और आवश्यक संसाधनों से पूरी तरह लैस हैं। ये टीमें बाढ़, जलभराव, नदी दुर्घटनाओं तथा अन्य आपात परिस्थितियों में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए हर समय तैयार रहेंगी।

उन्होंने कहा कि झारखंड की बरसाती नदियों, तेज जलधाराओं और पथरीले जल स्रोतों को ध्यान में रखते हुए विशेष रणनीति तैयार की गई है। एनडीआरएफ के जवानों को ऐसे कठिन और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
विनय कुमार ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान देवघर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। वहीं मॉनसून के मौसम में बाढ़ और जलभराव जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में एनडीआरएफ की तैनाती से आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ राज्य प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

















