राजकीय श्रावणी मेला 2026 का भव्य शुभारंभ: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष फोकस

देवघर: बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर में विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 का बुधवार को विधि-विधान के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित दुम्मा कांवरिया पथ में 11 वैदिक पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना के साथ मेले का उद्घाटन किया गया। इस वर्ष श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश से लाखों शिवभक्त जलार्पण के लिए देवघर पहुंचेंगे।

मेले का संयुक्त उद्घाटन नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार और ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया। इस अवसर पर देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जरमुण्डी विधायक देवेंद्र कुंवर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इस वर्ष श्रावणी मेले को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। सरकार का लक्ष्य है कि बाबा धाम आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के जलार्पण कर सके और बेहतर अनुभव के साथ अपने घर लौटे। इसी सोच के अनुरूप जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों ने समन्वित रूप से व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
पहली बार AI आधारित निगरानी और डिजिटल शिकायत प्रणाली
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि इस वर्ष मेले में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित भीड़ प्रबंधन और निगरानी प्रणाली लागू की गई है। इससे भीड़ पर लगातार नजर रखी जाएगी और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
चतरा में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का फोकस, आईजी ने एनडीपीएस मामलों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए QR कोड आधारित डिजिटल शिकायत निवारण प्रणाली शुरू की गई है। श्रद्धालु किसी भी स्थान पर समस्या होने पर QR कोड स्कैन कर फोटो सहित शिकायत दर्ज कर सकेंगे, जिसका 15 मिनट के भीतर समाधान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मंत्री ने कहा कि कांवरियों की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान है और राज्य सरकार हर वर्ष मेले को और अधिक आधुनिक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

VIP, VVIP और आउट ऑफ टर्न दर्शन पूरी तरह बंद
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश और राज्य सरकार की नीति के अनुरूप इस वर्ष श्रावणी मेला के दौरान VIP, VVIP एवं आउट ऑफ टर्न दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे। सभी श्रद्धालुओं को समान व्यवस्था के तहत जलार्पण का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सरल और सुखद अनुभव उपलब्ध कराना है।
फेस रिकग्निशन, ANPR कैमरे और ड्रोन से होगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में फेस रिकग्निशन कैमरे, ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे और हेडकाउंट कैमरे लगाए गए हैं। इन तकनीकों की मदद से भीड़ की निगरानी, वाहनों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।
शिवलोक में भव्य प्रदर्शनी और ड्रोन शो बनेगा आकर्षण
इस बार श्रद्धालुओं के लिए शिवलोक परिसर में भव्य प्रदर्शनी, सांस्कृतिक मंच और विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ड्रोन शो भी इस वर्ष के श्रावणी मेले का प्रमुख आकर्षण होगा, जो श्रद्धालुओं को नई तकनीक के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करेगा।
40 साल बाद गिरफ्तारी, भाई बोला- “कई बार सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने कभी बात नहीं मानी”
सभी से सहयोग की अपील
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि देवघर पूरी तरह से शिवभक्तों के स्वागत के लिए तैयार है। उन्होंने अधिकारियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि सभी मिलकर इस विश्व प्रसिद्ध मेले को सफल बनाएं, ताकि बाबा धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु सुखद अनुभव लेकर अपने गंतव्य की ओर लौटे।
















