जमशेदपुर भुइयाडीह की इंद्रानगर-कल्याणनगर बस्ती में बुलडोजर कार्रवाई की आशंका, बस्तीवासियों ने उपायुक्त से की राहत की गुहार

जमशेदपुर: भुइयाडीह स्थित इंद्रानगर और कल्याणनगर बस्ती में संभावित अतिक्रमण हटाओ अभियान की आशंका से बस्तीवासियों में दहशत का माहौल है। गुरुवार को दर्जनों की संख्या में लोग उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर प्रशासन से कार्रवाई पर रोक लगाने तथा राहत देने की मांग की।

बस्तीवासियों का कहना है कि वर्ष 2023 में शहर की 86 बस्तियों में कराए गए सर्वे के दौरान इंद्रानगर और कल्याणनगर के 145 मकानों को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बताकर चिह्नित किया गया था। इसके बाद संबंधित परिवारों को नोटिस भी जारी किया गया था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब इन मकानों को तोड़ने की तैयारी की जा रही है। उनका दावा है कि 6 अगस्त को दंडाधिकारी की नियुक्ति कर बुलडोजर कार्रवाई की योजना बनाई गई है। हालांकि, इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक आदेश या पुष्टि सार्वजनिक नहीं की गई है।
प्रदर्शन के दौरान बस्तीवासियों ने सड़क से गुजर रहे पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मानगो नगर निगम की महापौर सुधा गुप्ता की गाड़ी रोककर अपनी समस्या से अवगत कराया और हस्तक्षेप की मांग की। दोनों जनप्रतिनिधियों से लोगों ने प्रशासन से बात कर कार्रवाई रोकने और उनके पुनर्वास की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया।
झारखंड शराब प्रकरण में ACB की जांच तेज, तीन पूर्व अधिकारियों को 4 अगस्त को किया तलब
इस मौके पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि सरकार यदि इन परिवारों को हटाना चाहती है तो पहले उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या किसी अन्य सरकारी आवास योजना के तहत वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना पुनर्वास की व्यवस्था किए गरीब परिवारों के मकान तोड़ना उचित नहीं होगा।
बस्तीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक उनके पुनर्वास की ठोस व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक किसी भी प्रकार की ध्वस्तीकरण कार्रवाई नहीं की जाए। फिलहाल प्रशासन की ओर से प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
















