हजारीबाग: एसपी ने किया कटकमदाग थाना का निरीक्षण, लंबित मामलों के निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

हजारीबाग पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को कटकमदाग थाना का औचक निरीक्षण कर थाना की विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं लंबित मामलों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ज्ञान रंजन, पेलावल अंचल के पुलिस निरीक्षक सपन कुमार महथा, थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में संधारित विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया तथा लंबित कांडों, वारंट, कुर्की, चरित्र सत्यापन एवं पासपोर्ट सत्यापन से जुड़े मामलों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

एसपी ने अवैध मादक पदार्थों से संबंधित लंबित मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा नशा के खिलाफ आम लोगों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश भी दिया। साथ ही, थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कटकमदाग थाना क्षेत्र में सक्रिय भू-माफियाओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, थाना अंतर्गत स्थित कोल साइडिंग, ट्रांसपोर्टिंग क्षेत्रों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्ती जारी रखने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारियों को सक्रिय एवं जवाबदेह रहना होगा।















