उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ा झटका, अब साल में सिर्फ 4 गैस सिलेंडरों पर मिलेगी सब्सिडी

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत मिलने वाले सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडरों की संख्या में बड़ी कटौती की है। अब योजना के लाभार्थियों को सालाना 9 की जगह केवल 4 गैस सिलेंडरों पर ही सब्सिडी मिलेगी। सरकार ने यह फैसला लाभार्थियों की औसत घरेलू खपत को ध्यान में रखते हुए लिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाली 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी अब केवल वर्ष के पहले चार रिफिल पर ही उपलब्ध होगी। इस बदलाव के बाद प्रत्येक परिवार को सालाना अधिकतम 1,200 रुपये की सब्सिडी मिलेगी।
अधिकारी के अनुसार, यह निर्णय उज्ज्वला लाभार्थियों की औसत गैस खपत के आंकड़ों के आधार पर लिया गया है। सरकार का कहना है कि अधिकांश लाभार्थी परिवार साल भर में लगभग चार सिलेंडरों का ही उपयोग करते हैं, इसलिए सब्सिडी की सीमा को उसी के अनुरूप तय किया गया है।
सरकार का यह कदम ऐसे समय में आया है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है और तेल विपणन कंपनियों पर सब्सिडी का बोझ बढ़ रहा है। हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी 29 रुपये की वृद्धि की गई थी।
गौरतलब है कि वर्ष 2016 में शुरू की गई प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत शुरुआत में लाभार्थियों को सालाना 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर मिलते थे। बाद में इसे घटाकर 9 किया गया और अब इसे और कम करके 4 कर दिया गया है। इस फैसले का असर देशभर के करोड़ों उज्ज्वला लाभार्थियों पर पड़ेगा, जिन्हें अब साल में सीमित संख्या में ही सब्सिडी का लाभ मिल सकेगा।

















