बिहार विधानसभा चुनाव: पहले चरण में लालू यादव परिवार ने डाला वोट, तेजस्वी का दावा- 14 नवंबर को बनेगी नई सरकार
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। 18 जिलों की 121 सीटों पर हो रही इस वोटिंग के बीच राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार ने पटना के वेटनरी कॉलेज स्थित पोलिंग बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने वोट डालने के बाद बदलाव की बात कही, जबकि उनके छोटे बेटे और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने 14 नवंबर को नई सरकार बनने का भरोसा जताया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!परिवार के अन्य सदस्यों में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, तेजस्वी की पत्नी राजश्री यादव, बेटी मीसा भारती वोट डालने पहुंचीं। राबड़ी देवी ने महिलाओं और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं सभी महिलाओं, बच्चों से अपील करती हूं कि घरों से निकलकर वोट दें। इस बार बदलाव होगा, जनता बदलाव लाएगी।” राबड़ी ने अपने दोनों बेटों तेज प्रताप (महुआ से उम्मीदवार) और तेजस्वी (राघोपुर से उम्मीदवार) को शुभकामनाएं दीं।
लालू यादव ने मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में कहा, “निश्चित रूप से राज्य में बदलाव होगा।” उन्होंने अपने दोनों बेटों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि बिहार की जनता रोजगार देने वाली सरकार चुनेगी और वर्तमान ‘डबल इंजन’ सरकार को उखाड़ फेंकेगी। लालू का यह बयान उनके हालिया चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए दावों से मेल खाता है, जहां उन्होंने कई बार 14 नवंबर को सरकार बदलने की बात कही थी।
महागठबंधन के चेहरे तेजस्वी यादव ने वोट डालने के बाद उत्साह दिखाते हुए कहा, “हम तो यही कहेंगे कि बदलाव जरूरी है। नया बिहार बनाएं, नई सरकार बनाएं।” उन्होंने स्पष्ट शब्दों में दावा किया, “14 नवंबर को नई सरकार मिलने वाली है।” तेजस्वी ने कहा कि बिहार की जनता इस बार 20 साल पुरानी एनडीए सरकार को सत्ता से हटाने के मूड में है।
बिहार चुनाव के पहले चरण में वैशाली, पटना, नालंदा समेत कई जिलों की सीटें शामिल हैं। इनमें तेज प्रताप की महुआ और तेजस्वी की राघोपुर जैसी हॉटसीटें भी हैं। सुबह के समय वोटिंग शांतिपूर्ण रही, लेकिन कुछ जगहों पर तकनीकी खराबी की शिकायतें आईं। चुनाव आयोग के अनुसार, वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी।

















