सड़क हादसे के बाद बाइक बनी आग का गोला, युवक घायल

रांची : रातू थाना क्षेत्र के बेलांगी स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना के बाद बाइक में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, दो बाइकें मुर्गू की ओर से रांची जा रही थीं। इसी दौरान बेलांगी के पास एक बाइक ने दूसरे बाईक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल मदद पहुंचाई। इसी बीच दुर्घटनाग्रस्त बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही मिनटों में उसमें आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार बाइक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है, ताकि फरार चालक तक पहुंचा जा सके।

















