तुपुदाना में भाजपा का मिलन समारोह, समाजसेवी सुमित दुबे ने समर्थकों संग थामा पार्टी का दामन

रांची: भारतीय जनता पार्टी की रांची महानगर इकाई द्वारा तुपुदाना क्षेत्र में आयोजित सदस्यता ग्रहण एवं मिलन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। कार्यक्रम के दौरान हटिया-तुपुदाना क्षेत्र के समाजसेवी और फिटनेस प्रशिक्षक सुमित दुबे तथा उनकी पत्नी श्वेता दुबे ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, रांची जिला पूर्वी अध्यक्ष विनय महतो, रांची नगर निगम के उपमहापौर नीरज कुमार, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया।

अपने संबोधन में संजय सेठ ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के उद्देश्य से कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से संगठन और मजबूत होगा।
भाजपा की सदस्यता लेने के बाद सुमित दुबे ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और पार्टी की विचारधारा से प्रेरित होकर उन्होंने भाजपा से जुड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने संगठन की मजबूती और जनसेवा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
वहीं भाजपा नेताओं ने इसे संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों का लगातार पार्टी से जुड़ना भाजपा के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

















