JPSC परिणाम में अनियमितता का आरोप , BJP युवा मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं का मामला एक बार फिर तूल पकड़ गया है। परिणाम से नाराज अभ्यर्थियों के समर्थन में उतरे भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के हजारों कार्यकर्ताओं ने आज रांची स्थित JPSC कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई जब उग्र कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा और मुख्य गेट को तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया।

बैरिकेडिंग तोड़कर परिसर में घुसे कार्यकर्ता
तय कार्यक्रम के तहत राजधानी के विभिन्न हिस्सों से जुटे भाजयुमो कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर JPSC कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए प्रशासन ने पहले से ही भारी पुलिस बल और रैपिड एक्शन टीम को तैनात कर रखा था। कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग और मुख्य गेट को पार करते हुए परिसर के अंदर मुख्य द्वार पर ही धरना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।
भाजयुमो की मुख्य मांगें:

परिणाम रद्द हो: JPSC परीक्षा के मौजूदा परिणामों में कथित धांधली की बात कहते हुए इन्हें तुरंत रद्द किया जाए।
निष्पक्ष जांच: पूरी चयन प्रक्रिया और मूल्यांकन प्रणाली की उच्च-स्तरीय पारदर्शी जांच कराई जाए।
छात्र हित: बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोककर अभ्यर्थियों को न्याय दिया जाए।
पुलिस छावनी में बदला इलाका
प्रदर्शन को देखते हुए जेपीएससी कार्यालय और आसपास के पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर लगातार कैंप कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से एहतियात बरती जा रही है।
Also Read : JPSC 14वीं पीटी परीक्षा विवाद: उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता कि कार्यशैली पर उठे सवाल ?
14वीं JPSC प्रिलिम्स परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर याचिका पर हाईकोर्ट में हुई सुनवाई
JPSC और विवाद चोली दमन का साथ ,आखिर कब लौटा पायेगा JPSC अपनी साख
















